राशनकार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर तक

गरियाबंद। गरियाबंद जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत रजिस्टर्ड सभी राशनकार्ड धारकों के लिए ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। इसके लिए 15 अक्टूबर 2025 की अंतिम तिथि तय की गई है।
जिला खाद्य अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे ने जानकारी दी कि जिले में कुल 2 लाख 17 हजार राशनकार्ड हैं, जिनमें 6 लाख 59 हजार 609 सदस्य दर्ज हैं। इनमें से अब तक 5 लाख 67 हजार 179 सदस्यों का ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है।
अभी भी 92 हजार 343 सदस्यों का ई-केवाईसी किया जाना बाकी है। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 05 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को ई-केवाईसी कराने से छूट दी गई है।
ई-केवाईसी कहाँ और कैसे करवाएँ?
ई-केवाईसी की सुविधा जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों (राशन दुकानों) पर उपलब्ध ई-पॉस (e-PoS) मशीनों के माध्यम से ली जा सकती है। इसके अलावा, राशनकार्ड धारक भारत सरकार द्वारा जारी ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल ऐप लिंक का उपयोग करके स्वयं भी अपना ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने शेष बचे सभी 92 हजार 343 सदस्यों के राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2025 से पहले अपना ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरा करवा लें।
















