लोकतंत्र को मजबूती देने में मीडिया की भूमिका अहम, कोरबा प्रेस क्लब को मिली ₹20 लाख की सौगात

रायपुर। कोरबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार (रामपुर) में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित टीम का आधिकारिक पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में राज्य के उप मुख्यमंत्री व कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने नई कार्यकारिणी को पद की शपथ दिलाई और क्लब के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये का अनुदान देने का ऐलान किया।
निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता समय की मांग: अरुण साव
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक मजबूत स्तंभ है और इसकी मर्यादा बनाए रखना हर पत्रकार का कर्तव्य है। उन्होंने आधुनिक दौर का जिक्र करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई तकनीकों के आगमन से मीडिया के काम करने के तरीके में काफी बदलाव आया है। ऐसे समय में अनुभवी पत्रकारों के मार्गदर्शन और युवा पत्रकारों के नए विचारों के मेल से समाज को सही दिशा दी जा सकती है। उन्होंने निर्भीक और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
निर्भीकता और जनसरोकार ही मीडिया की असली ताकत: लखनलाल देवांगन
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने पत्रकारों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में मीडिया का योगदान अतुलनीय है। निष्पक्षता और सामाजिक सरोकार ही पत्रकारिता की असली पहचान हैं।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ
उप मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के निम्नलिखित पदाधिकारियों और सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई:
संरक्षक: श्री कमलेश यादव
अध्यक्ष: श्री नौशाद खान
उपाध्यक्ष: श्री राजकुमार शाह
सचिव: श्री दिनेश राज
उप सचिव: श्री हरीश तिवारी
कोषाध्यक्ष: श्री दुर्गेश श्रीवास्तव
कार्यकारिणी सदस्य: श्री राजेश कुमार मिश्रा, श्री नवाब हुसैन एवं श्री आकाश शर्मा
दिग्गजों की रही मौजूदगी
समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और बिलासपुर प्रेस क्लब से अभिजीत मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने संस्था के आगामी विजन और गतिविधियों की रूपरेखा साझा की, वहीं सचिव दिनेश राज ने उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। अंत में प्रेस क्लब की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
















