एंटी नक्सल ऑपरेशन : मुठभेड़ में मारा गया 1 करोड़ का इनामी शीर्ष नक्सली बसव राजू

नारायणपुर। नारायणपुर जिले में बुधवार को डीआरजी के जवानों ने बड़ा कारनामा कर दिखाया है। एंटी नक्सल ऑपरेशन में जिस नक्सली नेता की देश भर की सुरक्षा एजेंसियों को तलाश थी उसे DRG के जवानों ने मार गिराया। नक्सलियों का चीफ एक करोड़ के ईनामी नम्बाला केशव राव उर्फ बसव राजू उर्फ गगन्ना को मार गिराया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अबूझमाड़ इलाके में हो रही इस मुठभड़े में अब तक 26 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या और बढ़ सकती है। कई नक्सलियों के शव और भारी संख्या में हथियार बरामद होने की खबर है। मुठभेड़ में एक जवान के बलिदान होने और एक जवान घायल होने की भी खबर है।
नारायणपुर, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों डीआरजी के जवानों से नक्सलियों की मुठभेड़ जारी है। माड़ के इलाके में सुबह से फायरिंग हो रही है। बताया जा रहा है कि डीआरजी के जवानों ने बड़े नक्सली लीडर्स को घेर लिया है। डीआरजी के जावानों ने नक्सलियों के बड़े कमांडरों को घेर रखा है। दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है। करीब 26 नक्ललियों के मारे जाने खबर सामने आ रही है, मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ भी सकती है।
एक करोड़ का इनामी नक्सली भी हुआ ढेर
खबर मिल रही है कि इस मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी शीर्ष नक्सली बसव राजू भी मारा गया है। कई अन्य बड़े नक्सली नेताओं के भी मारे जाने की खबर है। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। माड़ के दुर्गम इलाके में बुधवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण गोलीबारी जारी थी। इस अभियान को एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर अबूझमाड़ जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जहां उनका मजबूत गढ़ माना जाता है। इस सफलता से क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
बसव राजू पर ही देशभर में नक्सल संगठन के संचालन की जिम्मेदारी थी। तो कहा जा सकता है कि, अबूझमाड़ में नक्सलवाद को गहरी चोट सुरक्षाबलों ने बुधवार की इस मुठभेड़ के जरिए पहुंचाई है। नक्सल संगठन के शीर्ष नेतृत्व को ढेर कर दिया गया है। इस मुठभेड़ में 26 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं, इनमें कई अन्य (CC) सेंट्रल कमेटी के मेम्बर्स के भी मारे जाने की खबर है। वहीं इस मुठभेड़ में 1 जवान घायल हुआ है, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है। पुलिस बल का 1 सहयोगी इस मुठभेड़ में शहीद हुआ है।
50 घंटे तक चला ऑपरेशन, 1 जवान घायल, 1 सहयोगी शहीद : गृहमंत्री
नक्सलियों के खिलाफ बस्तर में पुलिस को मिली इस सबसे बड़ी सफलता पर बात करते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि, नारायणपुर, बीजापुर के संयुक्त क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। श्री शर्मा ने बताया कि, 50 घंटों से सर्च ऑपरेशन चल रहा था। बड़े कैडर के नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि, मुठभेड़ अब खत्म हो गई है, केवल मुठभेड़ स्थल पर सर्च ऑपरेशन जारी है। उन्होंने बताया कि, एक जवान घायल है लेकिन वह खतरे से बाहर है। वहीं पुलिस बल का एक यहयोगी इस मुठभेड़ में शहीद हुआ है। गृहमंत्री श्री शर्मा ने इस बड़ी सफलता पर सुरक्षा बलों के जवानों को बधाई दी है।
विस अध्यक्ष रमन सिंह ने दी बधाई
नारायणपुर में चल रहे ऑपरेशन में मारे गए 26 नक्सलियों पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि मैं इस बड़े ऑपरेशन के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस को उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं। इस ऑपरेशन में एक पुलिसकर्मी के घायल होने के अलावा किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मैं केंद्रीय गृह मंत्री, मुख्यमंत्री और विजय शर्मा जी को भी बधाई देता हूं।
सीएम साय ने भी जवानों को दी बधाई
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सल मोर्चे पर लगातार कामयाबी मिल रही है। 27 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इस सफल ऑपरेशन के लिये उन्होंने जवानों को बधाई दी है।