खेल

एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 27 पदकों के साथ तीसरे स्‍थान पर रहा भारत

बैंकॉक (एजेंसी)। भारत ने यहां एशियाई एथलेटिक्‍स चैंपियनशिप के अंतिम दिन आठ रजत समेत 12 पदक हासिल किये, हालांकि आज उसे कोई स्‍वर्ण पदक नहीं मिला और वह 27 पदकों के साथ प्रतियोगिता में तीसरे स्‍थान पर रहा।

भारत ने प्रतियोगिता में कुल छह स्वर्ण, 12 रजत और नौ कांस्‍य पदक हासिल किये। इस बार एशियाई एथलेटिक्‍स चैंपियनशिप का आयोजन चार साल बाद हो रहा है। हांग्जो में होने वाला 2021 संस्करण कोविड-19 महामारी के कारण रद्द हो गया था।

भारत स्वर्ण पदकों के मामले में जापान 37 (16 स्वर्ण, 11 रजत, 10 कांस्य) और चीन 22 (आठ स्वर्ण, आठ रजत, छह कांस्य) के बाद तीसरे स्थान पर रहा, जबकि श्रीलंका आठ पदक – तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य – के साथ चौथे स्थान पर रहा।

भारत ने पदकों की संख्या के मामले में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2017 में भुवनेश्‍वर संस्‍करण के अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी कर ली। भुवनेश्‍वर में भारत ने नौ स्‍वर्ण पदकों के साथ 27 पदक जीते थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button