
आईपीएल : छत्तीसगढ़ के अजय मंडल पर हुई पैसों की बारिश, दिल्ली कैपिटल्स ने 30 लाख रुपए में ख़रीदा
रायपुर। आईपीएल 2025 के लिए ऑक्शन खत्म हो चुकी है, दो दिन तक चली इस नीलामी में 577 खिलाड़ियों ने किस्मत आजमाई थी लेकिन सिर्फ 182 खिलाड़ियों को ही सफलता हासिल हुई। इस बार ऋषभ पंत सबसे महंगे खिलाड़ी बने, जिसे 27 करोड़ रुपए लखनऊ सुपर जायंट्स ने खरीदा। वहीं कुछ खिलाड़ी अनसोल्ड भी रहे।
वहीं बात करें छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की तो आलराउंडर अजय मंडल (IPL 2025 Ajay Mandal) को दिल्ली की टीम ने 30 लाख रुपए की बेस प्राइज पर अपनी टीम में शामिल किया है। वहीं, शशांक सिंह को पंजाब किंग्स ने 5.50 करोड़ में रिटेन किया है। अब गौर करने वाली बात ये है कि शशांक की कीमत टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से ज्यादा है। बता दें कि IPL ऑक्शन में महेंद्र सिंह धोनी की कीमत 5 करोड़ रुपए ही रही है।
अजय मंडल 2021 में थे चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा
आपको बता दें कि इससे पहले राजनांदगांव के अजय मंडल को 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का हिस्सा बनाया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला। सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-24 में अजय ने 7 मैचों में 9 विकेट लिए और 109 रन बनाए। यह उनके करियर का अब तक का सबसे बड़ा आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट है।