राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता के समापन पर दिए प्रेरणादायक संदेश

रायपुर। क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता के समापन समारोह में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने भाग लेने वाले छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का एक अभिन्न अंग हैं। ये न केवल शारीरिक विकास में, बल्कि मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जो व्यक्ति खेलना जानता है, वही जीवन को भी खूबसूरती से जीना जानता है।
खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय, शहर और राज्य का नाम करें रोशन
यह क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता रायपुर के रोहणीपुरम में 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित हुई थी। मंत्री श्री वर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनसे आग्रह किया कि वे उत्कृष्ट प्रदर्शन करके अपने विद्यालय, शहर और राज्य का नाम रोशन करें।
उन्होंने उन छात्रों को भी प्रेरित किया जो चयनित नहीं हो पाए, यह कहते हुए कि उन्हें निराश होने के बजाय निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए और बेहतर प्रदर्शन के लिए जुट जाना चाहिए।
सरस्वती शिशु मंदिर में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की शिक्षा
मंत्री श्री वर्मा ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं सरस्वती शिशु मंदिर में नहीं पढ़ पाए क्योंकि उनका गांव बहुत छोटा था और वहां केवल प्राथमिक शाला थी, लेकिन उनके बच्चों ने इसी विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने इस बात की सराहना की कि यह विद्यालय भारतीय संस्कृति के साथ-साथ राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीयता की भावना भी सिखाता है।
हार से बुरा हारकर बैठ जाना
वर्मा ने छात्रों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास बनाए रखने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “हम जैसा सोचते हैं, वैसा ही बन जाते हैं।” उन्होंने प्रेरणादायक बातें कहते हुए कहा, “मान लें तो हार है, ठान लें तो जीत है।”
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि हारना बुरा नहीं, लेकिन हारकर बैठ जाना सबसे बुरा होता है। उन्होंने कहा कि एक जीत से कोई महान विजेता नहीं बन जाता और एक हार से कोई कंगाल नहीं होता।
अंत में, उन्होंने छात्रों को प्रेरित करने वाली ये पंक्तियाँ सुनाईं: “लक्ष्य न ओझल होने पाए, कदम मिलाकर चल, मंज़िल तेरी पग चूमेगी, आज नहीं तो कल।”
इस अवसर पर विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
















