छत्तीसगढ़

सेमरताल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धमतरी जिले के मगरलोड ब्लॉक के करेली बड़ी गांव से बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के 51 महतारी सदनों का उद्घाटन किया। बिलासपुर जिले के बिल्हा ब्लॉक के सेमरताल में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद थे। यहां सभी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को वर्चुअली सुना। इस दौरान जिले के सेमरताल, लगरा, लखराम और सागर में बने महतारी सदनों का भी उद्घाटन किया गया।

इस कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललीता संतोष कश्यप, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य अम्बिका साहू, तखतपुर जनपद अध्यक्ष माधवी संतोष वस्त्रकार, बिल्हा जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, मोहित जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर शुरू की गई महतारी सदन योजना महिलाओं की प्रगति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ को महिला केंद्रित विकास मॉडल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सदन शिक्षा, कौशल और उद्यमिता के नए द्वार खोलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि इन सदनों में महिला स्वयं सहायता समूहों को जोड़कर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

सेमरताल में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि यह पहल गांवों की माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने इस योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की एक सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगी, बल्कि समाज में उनकी भागीदारी और नेतृत्व भी मजबूत होगा। साहू ने शास्त्रों के एक श्लोक का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी सरकार “यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता” (जहां नारियों की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं) के आधार पर लगातार महिलाओं को सशक्त करने का काम कर रही है।

महिलाओं की जागृति का केंद्र

कार्यक्रम में विधायक धर्मजीत सिंह ने महतारी सदनों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ये सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि महिलाओं की जागृति का केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रहे हैं। सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण में बताया कि जिले में 19 महतारी सदन स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 4 बनकर तैयार हो चुके हैं। इन सदनों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये महतारी सदन महिलाओं के लिए आजीविका केंद्र के रूप में विकसित होंगे।

स्वच्छता पखवाड़ा में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सेमरताल में आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्कूल परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button