उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़देश-विदेश

यूपी में बनेगी ऐतिहासिक ‘वेब्ले-455 रिवाल्वर’, अमेरिका ने दिया बड़ा आर्डर

लखनऊ (एजेंसी)। उत्तर प्रदेश जल्द ही शस्त्र निर्माण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम उठाने जा रहा है। राज्य से पहली बार अमेरिका को हथियारों का निर्यात किया जाएगा। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित शस्त्र निर्माण कंपनी वेब्ले ने अपने प्रसिद्ध एंटीक रिवाल्वर ‘वेब्ले-455’ का निर्माण उत्तर प्रदेश में करने का निर्णय लिया है। इस रिवाल्वर की 10,000 यूनिट का बल्क ऑर्डर अमेरिका से प्राप्त हुआ है, जिसके साथ-साथ साउथ अमेरिका, ब्राजील और यूरोप के 16 देशों में भी इसकी भारी मांग है।

वेब्ले-455 रिवाल्वर को प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान एक महत्वपूर्ण हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया था। इस रिवाल्वर को पहली बार ईस्ट इंडिया कंपनी के जरिए यूरोप से भारत लाया गया था। वेब्ले स्काट इंडिया के निदेशक मनिंदर स्याल ने बताया कि भारत में 455 बोर की रिवाल्वर प्रतिबंधित है, लेकिन अमेरिका में इसकी मांग को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश से इसका निर्माण और निर्यात किया जाएगा। इसके लिए लाइसेंस की प्रक्रिया भी जल्द ही पूरी हो जाएगी।

100 साल बाद फिर शुरू होगा वेब्ले-455 का उत्पादन

वेब्ले-455 रिवाल्वर का इतिहास बेहद खास है। यह रिवाल्वर 1887 में पहली बार ब्रिटेन की ग्लोबल कंपनी वेब्ले द्वारा निर्मित किया गया था और 1924 तक इसका उत्पादन किया गया। इन 37 वर्षों के दौरान इस रिवाल्वर ने कई युद्धों और क्रांतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 100 साल बाद इस एतिहासिक हथियार का उत्पादन उत्तर प्रदेश से पुनः शुरू होने जा रहा है।

वेब्ले ने भारत में स्याल मैन्युफैक्चर प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है, जिसके तहत टेक्नोलॉजी वेब्ले की होगी और उत्पादन स्याल मैन्युफैक्चर के तहत किया जाएगा। मनिंदर स्याल ने बताया कि उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नीति से प्रभावित होकर वेब्ले ने प्रदेश को अपना मुख्यालय बना लिया है। उन्होंने कहा, “गर्व की बात है कि अमेरिका जैसे देश में उत्तर प्रदेश में बने रिवाल्वर का उपयोग होगा। इससे हमारे लिए अमेरिका का विशाल बाजार खुल गया है।”

वेब्ले-455 रिवाल्वर की विशेषताएं
    वजन: 1.1 किलोग्राम
    लंबाई: 11.25 इंच
    बैरल की लंबाई: 6 इंच
    फायरिंग क्षमता: 20-30 राउंड प्रति मिनट
    प्रभावी फायरिंग रेंज: 46 मीटर

इस रिवाल्वर का उपयोग विभिन्न ऐतिहासिक युद्धों में किया गया, जिनमें प्रथम और द्वितीय विश्वयुद्ध, आयरलैंड का स्वतंत्रता संग्राम, कोरिया और वियतनाम युद्ध जैसे प्रमुख संघर्ष शामिल हैं। वेब्ले-455 को इसके इतिहास, उत्कृष्ट डिज़ाइन और विश्वसनीयता के कारण आज भी भारी मांग का सामना करना पड़ रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button