प्याज में कौन सा विटामिन पाया जाता है?

हेल्थ न्युज (एजेंसी)। हम अपनी रोज़ाना की रसोई में प्याज का बहुत ज़्यादा इस्तेमाल करते हैं। यह न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। खासकर गर्मियों में कच्चा प्याज खाने से शरीर को ठंडक मिलती है और लू लगने का खतरा कम होता है। प्याज में एंटी-फंगल, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-डायबिटिक जैसे गुण भी होते हैं, जो इसे एक स्वास्थ्यवर्धक विकल्प बनाते हैं। आइए जानते हैं प्याज में कौन से विटामिन और पोषक तत्व पाए जाते हैं और इसे रोज़ खाने के क्या फायदे हैं।
प्याज में मौजूद पोषक तत्व
यूनाइटेड स्टेट्स डिपार्टमेंट ऑफ एग्रीकल्चर (USDA) की रिपोर्ट के अनुसार, प्याज में विटामिन C, विटामिन E, विटामिन B6, फोलेट, पोटेशियम, फाइबर, मैग्नीशियम, मैंगनीज, फ्लेवोनोइड्स, ग्लूटाथियोन और सेलेनियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। ये सभी मिलकर हमारी पूरी सेहत को बेहतर बनाते हैं।
प्याज खाने के मुख्य फायदे
सूजन कम करे: प्याज में मौजूद विटामिन C और फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं, जो कई बीमारियों और सूजन का कारण बन सकते हैं।
डायबिटीज में लाभकारी: प्याज खाने से ब्लड शुगर नियंत्रित करने में मदद मिलती है। इसमें पाए जाने वाले सल्फर और क्वेरसेटिन जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स खून में शुगर और कोलेस्ट्रॉल को संतुलित करते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर भी कम हो सकता है।
पाचन तंत्र को सुधारे: रोज़ प्याज का सेवन आंतों के लिए बहुत अच्छा होता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर और प्रोबायोटिक्स होते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं और आंतों में अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं।
सर्दी-जुकाम से बचाव: प्याज के एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण सर्दी, खांसी और गले की खराश से राहत दिलाते हैं। यह शरीर को हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस से बचाने में मदद करता है।
हड्डियों और बालों को बनाए मजबूत: प्याज में पाया जाने वाला कैल्शियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाता है। इसके अलावा, इसका विटामिन C और सिलिका बालों के स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद होते हैं। यह त्वचा पर दाग-धब्बे, झुर्रियों और मुहांसों को कम करने में भी सहायक है।
















