बिहार चुनाव से पहले हरियाणा बड़े फेरबदल की तैयारी में कांग्रेस, जल्द होगी नए प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा

चंडीगढ़ (एजेंसी)। हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में मिली हार के बाद कांग्रेस राज्य में संगठन स्तर पर बड़े बदलाव करने की तैयारी में है। जल्द ही विधायक दल के नेता और प्रदेश अध्यक्ष के नामों की घोषणा होने की संभावना है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा को फिर मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को एक बार फिर से विधायक दल का नेता बनाया जा सकता है। चुनाव में हार के बाद से ही भाजपा इस पद को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमला कर रही थी। हालांकि, अनौपचारिक रूप से हुड्डा ही विधानसभा में यह भूमिका निभा रहे थे।
राव नरेंद्र हो सकते हैं नए प्रदेश अध्यक्ष
विधायक दल के नेता का पद हुड्डा खेमे को मिलने की संभावना के बाद, हुड्डा खेमे ने प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपनी दावेदारी छोड़ दी है। अब पूर्व स्वास्थ्य मंत्री राव नरेंद्र हरियाणा कांग्रेस के नए अध्यक्ष बन सकते हैं। पार्टी के आंतरिक सर्वे में उनका नाम सबसे आगे है। राव नरेंद्र को कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला का भी समर्थन हासिल है। इसके अलावा, स्वराज आंदोलन के नेता योगेंद्र यादव ने भी राहुल गांधी के सामने उनके नाम की सिफारिश की है।
गुटबाजी के कारण हुई थी देरी
पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रही खींचतान और गुटबाजी के कारण ये नियुक्तियां रुकी हुई थीं। लेकिन अब आलाकमान ने दोनों पदों के लिए नामों को मंजूरी दे दी है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान, जो हुड्डा गुट से हैं, का पद छोड़ना तय है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद से ही उन पर इस्तीफे का दबाव था।
राव नरेंद्र का राजनीतिक सफर
राव नरेंद्र 2009 में हरियाणा जनहित कांग्रेस के टिकट पर नारनौल से विधायक बने थे और बाद में कांग्रेस में शामिल हो गए। हुड्डा सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में भी काम किया। प्रदेश अध्यक्ष पद पर पिछड़े वर्ग के नेता को नियुक्त करके कांग्रेस चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, एक अध्यक्ष के साथ दो से तीन कार्यकारी अध्यक्षों का फॉर्मूला भी अपनाया जा सकता है।
















