कौशल कीर्ति : मध्यप्रदेश की त्रिशा तावड़े सहित 10 प्रशिक्षार्थी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

भोपाल (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में कौशल एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 4 अक्टूबर को आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मध्यप्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया। इस समारोह में, शासकीय आईटीआई, बैतूल की इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की प्रशिक्षार्थी कुमारी त्रिशा तावड़े को ऑल इंडिया सेंट्रल ज़ोन टू ईयर ट्रेड में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
कौशल विकास मंत्री ने दी बधाई, सफलता को बताया शिक्षा का परिणाम
राज्य के कौशल विकास एवं रोज़गार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने छात्रा कु. त्रिशा को इस बड़ी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य में कौशल आधारित शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों के समर्पण और युवा प्रतिभाओं की मेहनत को दर्शाती है। श्री टेटवाल ने बताया कि विभाग की मुख्य प्राथमिकता प्रशिक्षुओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास, भाषा और संचार कौशल प्रदान करना है। इसके अतिरिक्त, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना, उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देना और विदेशों में रोज़गार की संभावनाओं को साकार करना भी विभाग के एजेंडे में है।
प्रदेश के 9 अन्य प्रशिक्षार्थियों ने भी बढ़ाया गौरव
कु. त्रिशा तावड़े के अलावा, मध्यप्रदेश के 09 अन्य प्रशिक्षार्थियों ने भी ऑल इंडिया ट्रेड टॉपर के रूप में राज्य का नाम रोशन किया है:
चंचल सेवारिक – कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, भोपाल
पूजा जाटव – ड्रोन तकनीशियन, जबलपुर
श्याम महेश्वरी – फैशन डिज़ाइन एंड टेक्नोलॉजी, उज्जैन
अमन गजभिये – मेसन, बालाघाट
श्रुति विश्वकर्मा – मैकेनिक, ट्रैक्टर, जबलपुर
अरविंद कुमरे – मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर, बैतूल
निकिता तायवड़े – मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर, बैतूल
अभिजीत सिंह सिसोदिया – मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट टेक्निशियन, भोपाल
शिवम यादव – स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट, खंडवा
इन सभी प्रशिक्षार्थियों ने अपनी दक्षता, लगन और दृढ़ संकल्प से प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
राज्य की सभी आईटीआई में दीक्षांत समारोह
इस अवसर पर, प्रदेश की सभी 280 शासकीय आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। यहाँ प्रधानमंत्री श्री मोदी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। समारोह में आईटीआई स्तर पर सभी ट्रेड्स के शीर्ष प्रशिक्षार्थियों को सम्मानित किया गया।
बैतूल की त्रिशा ने रचा इतिहास
बैतूल जिले की शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई की छात्रा कु. त्रिशा तावड़े ने 1200 में से 1187 अंक प्राप्त कर सेंट्रल ज़ोन में पहला स्थान हासिल किया। वह राष्ट्रीय मेरिट सूची में नाम दर्ज कराने वाली मध्यप्रदेश की एकमात्र प्रशिक्षणार्थी हैं, जिससे ज़िले और राज्य का मान बढ़ा है। बैतूल के ग्राम भड़ूस से आने वाली त्रिशा के पिता, श्री अजय तावड़े, एक बस ड्राइवर हैं और माँ, श्रीमती सुशीला तावड़े, गृहणी हैं। उनकी बड़ी बहन कु. एकता तावड़े भी पूर्व में आईटीआई बैतूल की टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में रेलवे में अप्रेंटिस के रूप में कार्यरत हैं।
आईटीआई बैतूल के प्राचार्य ने बताया कि सत्र 2024-25 में मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर ट्रेड में छात्र अरविंद कुमरे ने पुरुष वर्ग और छात्रा कु. निकिता तायवड़े ने महिला वर्ग में राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है।
हुनर पहल: महिला सशक्तिकरण और रोज़गार पर ज़ोर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप, छात्राओं की उन्नति और कौशल प्रशिक्षण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। महिला आईटीआई बैतूल में कौशल विकास विभाग के तहत ‘हुनर पहल’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, इंग्लिश स्पीकिंग प्रशिक्षण, साथ ही हार्टफुलनेस ध्यान, व्यक्तित्व विकास शिविर और हेल्थ क्लब गतिविधियों में योग व कराटे प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आईटीआई बैतूल की छात्राओं को देश-विदेश में रोज़गार के अवसर मिल रहे हैं। पिछले वर्ष 85 से अधिक छात्राएं बेंगलुरु, हैदराबाद और भोपाल की कंपनियों में चुनी गईं, वहीं इस वर्ष 45 छात्राएं टाटा इलेक्ट्रॉनिक होसुर, तमिलनाडु और 9 छात्राएं प्रतिभा सिंटेक्स पीथमपुर में नौकरी के लिए गई हैं।
















