टॉप न्यूज़

बालोद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चेकिंग के दौरान कार से ₹65 लाख कैश बरामद, दो लोग हिरासत में

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में अवैध पैसों के लेन-देन और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुरूर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक क्रेटा कार से भारी मात्रा में नगद राशि जब्त की है। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के संदिग्ध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

गुप्त सूचना पर घेराबंदी

यह पूरी कार्रवाई दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य और बालोद एसपी योगेश कुमार पटेल के दिशा-निर्देशों पर अमल में लाई गई। 26 मई 2026 को पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि कांकेर की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक CG-24-T-9998) में बड़ी रकम ले जाई जा रही है।

सूचना मिलते ही पुरूर थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और गुरूर एसडीओपी माया शर्मा के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई। पुलिस ने तुरंत नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास चेकिंग पॉइंट लगाया और संदिग्ध गाड़ी का इंतजार करने लगी। जैसे ही वह कार वहां पहुंची, उसे रोक लिया गया।

दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी

कार में दो लोग सवार थे, जिनकी पहचान अमित जैन (42 वर्ष, निवासी बालोद) और लच्छू ठाकुर (38 वर्ष, निवासी ग्राम तरौद) के रूप में हुई है। मजिस्ट्रेट, गवाहों और बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में जब गाड़ी की गहन तलाशी ली गई, तो उसके भीतर से कुल 65 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

जब पुलिस ने दोनों युवकों से इस रकम के मालिकाना हक या वैध दस्तावेज दिखाने को कहा, तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। मामला टैक्स चोरी और अवैध रूप से कैश ले जाने का लगने पर पुलिस ने तुरंत गाड़ी और पूरी रकम को अपने कब्जे में ले लिया।

इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने में पुरूर थाने के प्रधान आरक्षक विश्वजीत साहू, आरक्षक पुष्कर तिवारी, धर्मेंद्र टांडेकर, महेंद्र जैन और पूरी टीम ने अहम भूमिका निभाई, जिनकी मुस्तैदी की तारीफ की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button