छत्तीसगढ़

सादगी की मिसाल : सरकारी सामूहिक विवाह मंच पर सात फेरे लेंगे बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, मुख्यमंत्री समेत दिग्गज देंगे आशीर्वाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और समाज में फिजूलखर्ची को दरकिनार कर सादगी की एक नई मिसाल पेश होने जा रही है। बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक दीपेश साहू ने एक बेहद सराहनीय और अनूठी पहल की है। आगामी 31 मई को जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले शासकीय ‘मुख्यमंत्री कन्यादान सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत वे परिणय सूत्र में बंधेंगे। राज्य के इतिहास में यह पहला मौका है जब कोई मौजूदा विधायक वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर, आम जनता के बीच सरकारी योजना के मंच पर शादी करने जा रहा है।

विधायक के संग 23 और जोड़े शुरू करेंगे गृहस्थ जीवन

विधायक दीपेश साहू, तरूणा साहू के साथ अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत करेंगे। यह आयोजन इसलिए भी बेहद खास होने वाला है क्योंकि बेसिक स्कूल मैदान के इस बड़े मंडप में विधायक अकेले शादी नहीं करेंगे। उनके साथ क्षेत्र के 23 अन्य जरूरतमंद और गरीब जोड़े भी विवाह के बंधन में बंधेंगे। प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, इस ऐतिहासिक दिन कुल 24 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मंत्रिमंडल रहेगा साक्षी

विधायक दीपेश साहू के इस जमीनी और सादगी भरे फैसले का जिला प्रशासन ने भी पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया है। प्रशासन की ओर से इस भव्य कार्यक्रम के लिए बाकायदा आधिकारिक आमंत्रण पत्र जारी किए जा चुके हैं। 31 मई को होने वाले इस अनोखे और भव्य समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित होकर नवदंपतियों को अपना आशीर्वाद देंगे।

उनके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद विजय बघेल, उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव एवं विजय शर्मा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य और विधायक भी इस पल के गवाह बनेंगे।

फिजूलखर्ची के दौर में दिया बड़ा सामाजिक संदेश

एक विचारणीय पहल: आज के दौर में जहां शादियों में करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाने और दिखावा करने की होड़ मची है, वहीं एक जन प्रतिनिधि का यह कदम समाज के लिए एक बड़ा संदेश है। सरकारी योजना के मंच को चुनकर विधायक ने न केवल फिजूलखर्ची पर चोट की है, बल्कि आम लोगों के बीच समानता का भाव भी पैदा किया है। यही वजह है कि इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे प्रदेश में जोरों पर है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button