पद्मविभूषण तीजन बाई अस्पताल में भर्ती, डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही है इलाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की विख्यात पंडवानी लोकगायिका और पद्मविभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में दाखिल कराया गया है। फिलहाल उन्हें डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है।
एम्स प्रबंधन के अनुसार, शुरुआत में तीजन बाई को आपातकालीन (ट्रॉमा) विभाग में लाया गया था, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल आईसीयू (MICU) में स्थानांतरित कर दिया गया।
उनकी देखरेख और बेहतर उपचार के लिए एम्स के वरिष्ठ डॉक्टरों का एक विशेष दल गठित किया गया है। इस टीम में जनरल मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन (फेफड़ा रोग) और नेफ्रोलॉजी (किडनी रोग) के विशेषज्ञ शामिल हैं, जो लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल का क्रिटिकल केयर विभाग सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस है और मरीज को हर जरूरी और उच्च स्तरीय इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
















