तूता गाँव में अभी विस्थापन नहीं, सिर्फ अतिक्रमण को लेकर दिए गए हैं कारण बताओ नोटिस

रायपुर। नवा रायपुर के ग्राम तूता में अतिक्रमण हटाने और विस्थापन को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRDA) ने पूर्ण विराम लगा दिया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल वहाँ किसी भी प्रकार के विस्थापन की कोई योजना नहीं है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अभी केवल नियमों के दायरे में रहकर संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
बैठक के जरिए निकाला जाएगा सर्वमान्य हल
प्राधिकरण के मुताबिक, ग्राम तूता से अतिक्रमण की लगातार शिकायतें आ रही थीं, जिसके बाद विभाग ने जमीनी स्तर पर जांच कराई। जांच के आधार पर ही कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस भेजे गए हैं।
इस बीच, 2 जुलाई 2026 को ग्रामीणों और सामाजिक पदाधिकारियों ने एनआरडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से मुलाकात की। इस बैठक में तय हुआ है कि जल्द ही गांव में सभी पक्षों की एक सामूहिक बैठक बुलाई जाएगी ताकि आपसी सहमति से कोई रास्ता निकाला जा सके। इसके बाद दोबारा अधिकारियों के साथ बैठक कर जनहित में फैसला लिया जाएगा।
जनहित और नियमों के तहत होगी आगे की कार्रवाई
एनआरडीए ने यह भी साफ किया कि ग्राम पंचायत की तरफ से भी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन मिलते रहे हैं। प्राधिकरण ने भरोसा दिलाया है कि:
उनका उद्देश्य किसी को नुकसान पहुँचाना या किसी के साथ अन्याय करना नहीं है।
आगे का कोई भी कदम पूरी संवेदनशीलता और नियमों को ध्यान में रखकर ही उठाया जाएगा।
विकास कार्यों और स्थानीय लोगों के हितों के बीच संतुलन बनाकर समाधान निकाला जाएगा।
















