छिंदवाड़ा में CM मोहन यादव का सख्त कदम : लापरवाही पर CMHO समेत तीन अफसर निलंबित, SDM को कारण बताओ नोटिस

भोपाल (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने छिंदवाड़ा दौरे के दौरान प्रशासनिक लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत आयोजित जनसुनवाई में जनता की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कार्य में कोताही बरतने के आरोप में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नरेश गुन्नाडे, स्थानीय तहसीलदार और संबंधित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए।
लापरवाही पर वेतन वृद्धि पर रोक और कारण बताओ नोटिस
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने चौराई जनपद पंचायत के सीईओ और श्रम अधिकारी की एक-एक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) रोकने के निर्देश भी जारी किए। इन अधिकारियों पर आरोप था कि इन्होंने चार साल से अनुग्रह राशि के लिए भटक रही पीड़ित महिला मनवती वर्मा को सरकारी सहायता प्रदान नहीं की, जबकि पीड़िता ने सीएम हेल्पलाइन में भी गुहार लगाई थी।
इसके अतिरिक्त, जमीन के सरकारी रिकॉर्ड में सुधार न करने से जुड़े एक अन्य मामले में चौराई के सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट (SDM) और पटवारी को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है।
विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा
मत्स्य संपदा योजना: प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत सब्सिडी न मिलने की शिकायत लेकर पहुंची भावना देहरिया की समस्या पर सीएम ने अधिकारियों को नियमानुसार तुरंत लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए।
विकास पर चर्चा: जनसुनवाई से पूर्व मुख्यमंत्री ने छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोक सेवा केंद्र का निरीक्षण किया और स्थानीय उद्यमियों, जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से क्षेत्र में औद्योगिक विकास, प्राकृतिक खेती, पशुपालन तथा होमस्टे जैसी पर्यटन पहलों पर चर्चा की।
हर शुक्रवार लगेगा ‘जनता दरबार’
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के सियासी गढ़ छिंदवाड़ा से मुख्यमंत्री यादव ने घोषणा की कि राज्य में अब हर शुक्रवार को जिला और तहसील स्तर पर ‘जनता दरबार’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कोई आधिकारिक बैठकें नहीं होंगी और मंत्री, विधायक, कलेक्टर व कमिश्नर सीधे जनता की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करेंगे। सीएम यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश इस तरह का जन-सरोकार अभियान शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
















