कांकेर में आज निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा : उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि, नरहरदेव स्कूल से होगी शुरुआत

कांकेर। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 अगस्त को कांकेर शहर में एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
यह पदयात्रा सुबह 8:00 बजे शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय से प्रारंभ होकर न्यू बस स्टैंड स्थित मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न होगी। समारोह की अध्यक्षता सांसद भोजराज नाग करेंगे, जबकि विधायक आशाराम नेताम, सावित्री मंडावी और विक्रम उसेंडी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
विभिन्न संगठनों और युवाओं की होगी व्यापक भागीदारी
इस आयोजन में कई स्कूलों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स, रेडक्रॉस, ईको-क्लब, पीटीआई शिक्षक और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे प्रतिभागी देशभक्ति के तरानों और नारों के साथ अनुशासित तरीके से मार्च करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में स्वाभिमान, देशप्रेम और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
प्रशासन ने पूरी कीं तैयारियां
कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नरहरदेव स्कूल प्रांगण एवं मिनी स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस राष्ट्रीय आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
















