सोने-चांदी में भारी गिरावट : चांदी 6 हजार रुपये और सोना 3 हजार रुपये से अधिक हुआ सस्ता, जानें ताजा भाव

नई दिल्ली (एजेंसी)। कीमती धातुओं के बाजार में बुधवार को एक बड़ी गिरावट देखने को मिली, जब मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार की शुरुआत के साथ ही सोना और चांदी दोनों के भाव धड़ाम हो गए। खरीदारों के लिए राहत भरी इस गिरावट में चांदी के दाम एक झटके में 5,500 से 6,000 रुपये तक कम हो गए, वहीं सोने में भी भारी सुस्ती दर्ज की गई।
चांदी की कीमतों में जोरदार सुस्ती
एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाली चांदी, जो पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को 1,69,702 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, बाजार खुलते ही फिसलकर 1,63,533 रुपये पर आ गई। इस तरह चांदी एक ही झटके में 6,000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई है।
नवंबर महीने के आंकड़ों पर नजर डालें तो, 30 अक्टूबर को 1 किलो चांदी का भाव 1,79,132 रुपये था, जो अब घटकर 1,63,533 रुपये पर पहुंच गया है। यानी इस महीने अब तक चांदी करीब 15,599 रुपये प्रति किलो तक टूट चुकी है।
सोना भी हुआ भरभराकर सस्ता
चांदी के साथ-साथ पीली धातु यानी सोने के भाव में भी बड़ी कमजोरी आई है। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला सोना पिछले दिन 1,34,223 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो बुधवार को कारोबार शुरू होने के साथ ही गिरकर 1,31,065 रुपये पर आ गया। इस प्रकार 24 कैरेट सोने की कीमत में 3,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक की गिरावट आई है।
नवंबर के पूरे रुझान को देखें तो महीने की शुरुआत में (30 अक्टूबर को) 10 ग्राम सोने का वायदा भाव 1,38,485 रुपये था, जो अब गिरकर 1,31,065 रुपये पर आ गया है। इस प्रकार इस महीने अब तक सोने की कीमत में लगभग 7,420 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी दर्ज की जा चुकी है।
















