कृषि संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगेंगे आगामी त्यौहार, सीएम डॉ. यादव ने की तैयारियों की समीक्षा

भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगामी राष्ट्रीय त्यौहारों, धार्मिक पर्वों और बलराम कृषि महोत्सव के भव्य आयोजनों की रूपरेखा तय करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बलराम कृषि महोत्सव को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर एक सांस्कृतिक पर्व की तरह मनाया जाए, ताकि किसान मनोरंजन के साथ-साथ शासकीय योजनाओं व उन्नत खेती की जानकारी से जुड़ सकें।
मुख्यमंत्री ने श्रावण मास के चलते कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, भोजन और पेयजल के लिए पुख्ता इंतज़ाम करने के भी निर्देश दिए।
अगस्त और सितंबर में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम:
14 अगस्त (विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस व वंदे मातरम 150 वर्ष समारोह): भोपाल स्थित शौर्य स्मारक में एक विशेष चित्र प्रदर्शनी और ‘प्रवासी सेनानी वीथी’ का लोकार्पण मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस दौरान पुलिस बल की एक तिरंगा बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस): सुबह 8:30 बजे मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक पर शहीद स्तम्भ और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। शाम को रवीन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें सुप्रसिद्ध गायिका कविता कृष्णमूर्ति अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
28 अगस्त (रक्षाबंधन): इस वर्ष रक्षाबंधन को ‘सामाजिक संबंधों के राष्ट्रीय पर्व’ के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री निवास पर लाडली बहनें सीएम को रक्षासूत्र बांधेंगी। साथ ही, समाज के वंचित और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा का संकल्प लिया जाएगा।
29 अगस्त से 6 सितंबर (‘श्रीकृष्ण पर्व’): प्रदेश के 101 स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उज्जैन और अन्य 25 प्रमुख कृष्ण स्थलों पर विशेष नृत्य-नाटिकाएं और भक्ति संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन्माष्टमी पर मंदिरों की सजावट और स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
2 सितंबर (बलराम जयंती): इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा आधुनिक खेती, खाद-बीज की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि खेल विभाग ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन करेगा।
बैठक में राज्य के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय कुमार शुक्ल, संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















