टॉप न्यूज़

आईफोन की ईएमआई के विवाद में उजड़ा परिवार, संभाजीनगर की पहाड़ी से गिरकर तीन लोगों की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र (एजेंसी)। हाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मोबाइल फोन से जुड़े आर्थिक तनाव ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। तिसगांव स्थित खावड्या पहाड़ी पर 400 से 500 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण 19 वर्षीय कुणाल चंदगुडे और उनके माता-पिता की मौत हो गई।

शुरुआती दौर में यह माना जा रहा था कि कुणाल नया आईफोन खरीदने की जिद में पहाड़ी पर पहुंचा था। हालांकि, पुलिस जांच में यह साफ हुआ कि उसने फोन पहले ही खरीद लिया था। फोन की मासिक किस्तों (EMI) के भुगतान को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, जिसके बाद कुणाल नाराज होकर घर से निकल गया।

तीन घंटे की मशक्कत भी रही नाकाम

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, ग्रामीण और स्थानीय पूर्व सरपंच संजय जाधव कुणाल को समझाने पहाड़ी पर पहुंचे। लगभग तीन घंटे तक उसे वापस लौटने के लिए मनाया जाता रहा। इसी दौरान कुणाल को बचाने के प्रयास में उसके पिता का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे जा गिरे। पति और बेटे को अपनी आंखों के सामने गिरता देख मां ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी।

पुलिस और अग्निशमन दल ने राहत कार्य शुरू किया, लेकिन किसी को बचाया नहीं जा सका। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रामेश्वर गाडे के अनुसार तीनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया इस दर्दनाक हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button