छत्तीसगढ़

कोड़ातराई में 1.21 करोड़ से बनेगा नया PM Shri स्कूल, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया शिलान्यास

रायपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक स्थित कोड़ातराई में नए ‘पीएम श्री स्कूल’ भवन का भूमिपूजन किया। लगभग 1.21 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस परिसर में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं और एक बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के बच्चों को उच्च स्तरीय बुनियादी ढांचा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।

इस दौरान आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने शिक्षा को समाज और देश के विकास का मूल आधार बताया। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक और तकनीकी युग में विद्यार्थियों को भविष्य की नई चुनौतियों व अवसरों के अनुरूप ढालना बेहद जरूरी है। शिक्षकों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे बच्चों को सिर्फ पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय उनके अंदर नवाचार (इनोवेशन), जिज्ञासा और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा दें। उन्होंने बच्चों में स्टार्टअप और नई तकनीक के प्रति रुचि जगाने पर भी बल दिया।

सकरबोगा में जनचौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

भूमिपूजन कार्यक्रम से पूर्व शनिवार सुबह वित्त मंत्री ने सकरबोगा गांव का दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर सीधे संवाद किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र की बुनियादी जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। वित्त मंत्री ने आश्वासन दिया कि ग्रामीण इलाकों में पेयजल, सड़क, सिंचाई और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जा रहा है और सभी विकास योजनाएं स्थानीय सुझावों के अनुसार ही तैयार की जाएंगी।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष (पुसौर) हेमलता हरिशंकर चौहान, जिला पंचायत सदस्य भाग्यवती डोलनारायण नायक और जनपद सदस्य गोपी चौधरी समेत कई स्थानीय जन प्रतिनिधि व नागरिक मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button