राज्य जीएसटी विभाग में वाणिज्यिक कर निरीक्षक भर्ती रद्द, प्रभावित कर्मचारी मूल पद पर भेजे गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य कर विभाग द्वारा वर्ष 2022 में आयोजित की गई वाणिज्यिक (राज्य) कर निरीक्षक भर्ती परीक्षा को व्यापक गड़बड़ियों के चलते रद्द कर दिया गया है. लिपिक वर्ग से 42 निरीक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए 26 जून 2022 को सीमित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी. जांच समिति की रिपोर्ट में गंभीर धांधली सामने आने के बाद राज्य कर आयुक्त कार्यालय ने इस पूरी चयन प्रक्रिया और 7 जुलाई 2022 को जारी नियुक्ति आदेशों को शून्य घोषित कर दिया है.
जांच में उजागर हुईं प्रमुख अनियमितताएं:
नियमों का उल्लंघन: परीक्षा आयोजित करने से पहले पदों के लिए वर्गवार आरक्षण रोस्टर तैयार नहीं किया गया था.
उपस्थिति रिकॉर्ड का अभाव: परीक्षा केंद्र में उपस्थिति पंजी का संधारण सही ढंग से नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों की उपस्थिति का मूल रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं हो सका.
परिणाम का अनुचित संधारण: समेकित अंक तालिका और अंतिम परिणाम सही तरीके से तैयार नहीं किए गए, जिससे निष्पक्ष मेरिट निर्धारण प्रभावित हुआ.
उत्तर-पुस्तिकाओं में कोडिंग की कमी: अभ्यर्थियों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उत्तर-पुस्तिकाओं में कोडिंग नहीं की गई थी, और कई चयनित उम्मीदवारों के उत्तरों में अजीब समानताएं पाई गईं.
संदिग्ध पुनर्मूल्यांकन: कुछ अभ्यर्थियों को फायदा पहुँचाने के लिए पुनर्मूल्यांकन का सहारा लिया गया. परीक्षा नियंत्रक और चयन समिति के सदस्यों ने चयन सूची जारी होने से पहले स्वयं पुनर्मूल्यांकन में भाग लिया, जिससे निष्पक्षता पर सवाल खड़े हुए.
अभिलेखों में विसंगति: वर्ष 2021 और 2022 की उत्तर-पुस्तिकाओं की खरीद, उपयोग और बची हुई कॉपियों के आंकड़ों में भारी अंतर पाया गया.
सभी पदोन्नत कर्मचारी मूल पदों पर लौटेंगे
विभाग ने स्पष्ट किया कि ये अनियमितताएं किसी एक स्तर तक सीमित न होकर पूरी चयन प्रक्रिया में फैली हुई थीं. केवल पुनर्मूल्यांकन या नई मेरिट सूची जारी करने से इन खामियों को ठीक करना संभव नहीं था.
रद्दीकरण का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है. इसके तहत वाणिज्यिक कर निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए सभी 42 कर्मचारियों का चयन रद्द कर उन्हें उनकी पुरानी मूल पदस्थापना और पदों पर वापस भेज दिया गया है.
















