पीएम मोदी के जन्मदिन पर पंडरिया में गूंजा सेवा का संकल्प, 21 हजार दीपों से जगमगाया जोरा तालाब

कवर्धा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में ‘आशीर्वाद का दीया’ नाम से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पंडरिया स्थित जोरा तालाब के तट पर विधायक भावना बोहरा, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के निवासियों ने एक साथ मिलकर 21 हजार दीये जलाए। इस दीपोत्सव के माध्यम से लोगों ने प्रधानमंत्री के बीते 25 वर्षों के बेमिसाल सार्वजनिक जीवन, जनसेवा और देश के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया, साथ ही उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पंडरिया में एक रक्तदान शिविर का भी सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की सोच के साथ काम किया है और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का प्रयास किया है। पिछले ढाई दशकों में गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति को सशक्त बनाने के लिए कई दूरगामी योजनाएं लागू की गई हैं।
उन्होंने आगे कहा कि महिला सशक्तिकरण और किसान कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं। ‘पीएम-किसान सम्मान निधि’ से किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिला है, जबकि ‘लखपति दीदी’ योजना और स्वयं सहायता समूहों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। युवाओं के लिए स्वरोजगार, रोजगार और नए अवसरों के द्वार खुले हैं।
विधायक ने प्रधानमंत्री आवास, उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जनधन और मुद्रा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देश के करोड़ों परिवारों का जीवन स्तर सुधारा है। इसके अलावा, धारा 370 को समाप्त करना, भव्य राम मंदिर का निर्माण, ट्रिपल तलाक पर रोक और वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत विदेश नीति जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने दुनिया भर में देश का मान बढ़ाया है।
भावना बोहरा ने अंत में कहा कि जोरा तालाब पर जलाया गया प्रत्येक दीया केवल एक उत्सव का हिस्सा नहीं, बल्कि देश निर्माण के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे सेवा और सुशासन के इस संकल्प को अपनाकर समाज और राष्ट्र की प्रगति में अपना पूर्ण योगदान दें।
















