शिवनाथ नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच गणेश विसर्जन व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री गजेन्द्र यादव, दिए आवश्यक निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि मंत्री गजेन्द्र यादव ने शनिवार को दुर्ग शहर स्थित शिवनाथ नदी पहुंचकर नदी के जलस्तर और गणेश विसर्जन के लिए की गई प्रशासनिक तैयारियों का अवलोकन किया। इस मौके पर उनके साथ जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह और एसएसपी विजय अग्रवाल भी मौजूद थे।
जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए मंत्री ने विसर्जन के दौरान सख्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जानकारी दी कि छोटे पुल पर पानी का बहाव तेज होने के कारण सुरक्षा के लिहाज से बीती रात से विसर्जन रोक दिया गया है। पानी घटने के बाद प्रशासन की निगरानी में इसे दोबारा शुरू कराया जाएगा। मंत्री यादव ने आम जनता से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। वर्तमान में एसडीआरएफ, पुलिस बल और स्थानीय गोताखोर मौके पर तैनात हैं।
राहत शिविरों का जायजा और पट्टे का आश्वासन
निरीक्षण के बाद मंत्री गजेन्द्र यादव पुलगांव के वार्ड 55 स्थित कोसरिया यादव समाज सामुदायिक भवन में बने राहत शिविर पहुंचे, जहां 48 प्रभावित लोगों को आश्रय दिया गया है। उन्होंने पीड़ितों से मिलकर भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। निवासियों द्वारा पट्टे की मांग किए जाने पर उन्होंने गोकुल नगर की घास भूमि को आवास हेतु आवंटित कराने का आश्वासन दिया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने ग्राम भरदा के स्कूल में बने राहत केंद्र का भी दौरा किया, जहां तांदुला और शिवनाथ नदी के तटीय क्षेत्रों (ईंट भट्ठों व बाड़ियों) से सुरक्षित निकाले गए 210 लोगों को ठहराया गया है।
विकास कार्य और फसल नुकसान का सर्वे
ग्राम भरदा की सरपंच श्रीमती सुनीता भारदीय की मांग पर मंत्री यादव ने कलेक्टर को वार्ड क्रमांक 12 में नाली निर्माण की स्वीकृति जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही, बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वे कराने की बात कही। ग्राम चंगोरी में जलभराव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहकर निगरानी करने के आदेश दिए हैं।
इस दौरान दुर्ग निगम आयुक्त लीना कोसम, एसडीएम महेश राजपूत समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















