योजना

सुखदेव साहू को मिला अपना पक्का मकान : पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 ने संवारी बेमेतरा के परिवार की जिंदगी

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 गरीब और जरूरतमंद परिवारों के अपने घर के सपने को हकीकत में बदल रही है। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की नगर पंचायत देवकर (वार्ड नंबर 11) के निवासी श्री सुखदेव साहू का परिवार इसका ताजा उदाहरण है, जो अब कच्चे छप्पर वाले मकान से निकलकर एक सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त पक्के आशियाने में जीवन बिता रहा है।

खेती-किसानी से जुड़े सुखदेव साहू की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे स्वयं अपने खर्च पर पक्का घर बनवा सकें। जब नगर पंचायत देवकर में मुनादी के जरिए योजना का प्रचार किया गया, तब उन्हें इसके बारे में पता चला। सुखदेव ने तुरंत नगर पंचायत कार्यालय जाकर आवेदन प्रक्रिया और जरूरी कागजातों की जानकारी ली। दस्तावेज जमा करने के महज 2 से 4 महीने के भीतर उनके आवास को स्वीकृति मिल गई।

मकान का निर्माण शुरू होने के बाद, निर्माण कार्य के अलग-अलग चरणों की प्रगति के आधार पर उन्हें किस्तों में सहायता राशि मिलती गई। इससे निर्माण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा हो गया। आज सुखदेव का परिवार सभी मूलभूत सुविधाओं से लैस पक्के घर में सुरक्षित महसूस कर रहा है।

अपनी खुशी व्यक्त करते हुए सुखदेव साहू ने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण पक्का घर बनाना उनके लिए बेहद कठिन था। योजना की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवेदन किया और आसान किस्तों में राशि प्राप्त कर अपना मकान पूरा किया। इस जीवन-बदल देने वाली मदद के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

पीएम आवास योजना 2.0 ने सुखदेव साहू जैसे कई परिवारों को कच्चे मकानों की दैनिक समस्याओं से मुक्ति दिलाई है, जिससे वे अब एक सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी पा रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button