छत्तीसगढ़

नक्सलवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति के साथ खुल रहे विकास और समृद्धि के नए द्वार : मुख्यमंत्री साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांकेर जिले के अंतागढ़ स्थित ग्राम लामकन्हार के एकलव्य आवासीय विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश के महिला एवं बाल विकास विभाग के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त किया।

पोषण और जनभागीदारी को मिली राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह उल्लेख पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुनगा (मोरिंगा) आयरन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों का बेहतरीन स्रोत है। कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में यह एक कारगर जरिया साबित हो रहा है। उन्होंने आम जनता से अपने-अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।

साय ने यह भी रेखांकित किया कि इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के कई स्थानीय मॉडलों जैसे — बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार के ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले के ‘5 प्रतिशत जल संरक्षण मॉडल’ को ‘मन की बात’ में सराहा जा चुका है।

नक्सलमुक्त बस्तर और विकास की नई सुबह

क्षेत्रीय स्थिति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांकेर और बस्तर का इलाका लंबे समय तक वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार की दृढ़ नीति, सुरक्षा बलों के साहस और जनता के सहयोग से अब स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। पूर्व में भयभीत रहने वाले इलाकों में अब शांति और विश्वास का माहौल स्थापित हुआ है, जिससे बुनियादी सुविधाओं का विस्तार अंतिम छोर तक संभव हो पा रहा है।

लामकन्हार गांव को 85 लाख रुपये की सौगात

इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 85 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं की घोषणा की:

37 लाख रुपये: प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय भवन निर्माण हेतु

18 लाख रुपये: छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण हेतु

15 लाख रुपये: शीतला मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण हेतु

15 लाख रुपये: एकलव्य आवासीय विद्यालय में लाइब्रेरी एवं लैब निर्माण हेतु

पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा लगाया और नागरिकों से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर स्थानीय सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी, प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button