
रायपुर गैर-आवासीय खेल अकादमी : दो दिवसीय चयन ट्रायल शुरू, 144 एथलीटों ने लिया हिस्सा
रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों (फुटबॉल, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स) में नए तथा नवीनीकरण प्रवेश के लिए दो दिवसीय चयन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। पहले दिन जिलेभर से आए 144 खिलाड़ियों ने अपना पंजीयन कराया।
प्रक्रिया के शुरुआती दिन विशेषज्ञ प्रशिक्षकों और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों के दस्तावेजों की जांच, डॉक्टरी परीक्षण तथा शारीरिक दक्षता टेस्ट (फिजिकल टेस्ट) लिया गया। शारीरिक फिटनेस आंकने के लिए खिलाड़ियों से वर्टिकल जंप, 30 मीटर दौड़, शटल रन, बॉल थ्रो, 800 मीटर दौड़, सीट-अप्स जैसी गतिविधियां कराई गईं और उनकी लंबाई व वजन का माप लिया गया।
आज, 1 अक्टूबर को ट्रायल के दूसरे और अंतिम दिन खिलाड़ियों के खेल कौशल (स्किल्स) की परीक्षा होगी। चयन समिति दोनों दिनों के प्रदर्शन के आधार पर योग्य खिलाड़ियों की अंतिम सूची तैयार कर अकादमियों में प्रवेश प्रदान करेगी।















