‘हनुमान अंश 2’ में अक्षय कुमार की एंट्री? प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने तोड़ी चुप्पी, बताई सच्चाई

मुंबई (एजेंसी)। फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त सफलता के साथ-साथ इसके सीक्वल को लेकर भी चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें जोरों पर थीं कि फिल्म के दूसरे भाग यानी ‘हनुमान अंश 2’ में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की एंट्री हो सकती है। इन अटकलों में यह भी कहा जा रहा था कि फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य की जगह अक्षय कुमार नजर आ सकते हैं। अब इन तमाम अफवाहों पर विराम लगाते हुए फिल्म की सह-निर्माता (को-प्रोड्यूसर) अनुप्रिया नागर ने खुद सच्चाई सामने रखी है।
क्या था पूरा मामला?
यह पूरा विवाद एक इंटरव्यू के दौरान दिए गए बयान से शुरू हुआ था। बातचीत के दौरान जब अनुप्रिया नागर से उनके पसंदीदा अभिनेता के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अक्षय कुमार का नाम लिया था। इसके बाद जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या अक्षय कुमार सीक्वल का हिस्सा बन सकते हैं, तो उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर अलग तरह से पेश कर दिया गया। इंटरनेट पर यह दावा किया जाने लगा कि निर्माताओं ने फिल्म में अक्षय कुमार की कास्टिंग पर मुहर लगा दी है।
अनुप्रिया नागर ने किया स्पष्ट खंडन
सोशल मीडिया पर लगातार फैल रही इन खबरों के बाद अनुप्रिया नागर ने ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से बातचीत करते हुए साफ किया कि उन्होंने ‘हनुमान अंश 2’ में अक्षय कुमार के शामिल होने को लेकर ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। उनके अनुसार, उन्होंने केवल अपने पसंदीदा अभिनेता का नाम साझा किया था, जिसे लोगों ने फिल्म की कास्टिंग से जोड़कर अफवाह का रूप दे दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सीक्वल में अक्षय कुमार की मौजूदगी को लेकर उनकी तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
फिल्म की सफलता और चर्चाएं
नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में शोभिनव सत्य ने बाबा का किरदार निभाया था, जबकि पूर्णिमा तिवारी उनकी पत्नी रामबेटी की भूमिका में नजर आई थीं। छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है और आठवें हफ्ते भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है। फिल्म की इस अभूतपूर्व सफलता के बाद फैंस इसके दूसरे पार्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं, लेकिन फिलहाल अक्षय कुमार के फिल्म में आने की खबरों कोरी अफवाह ही साबित हुई हैं।
















