छत्तीसगढ़

रायपुर हादसे के पीड़ितों से मिलने अस्पताल पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, बेहतर इलाज के दिए सख्त निर्देश

रायपुर। नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट पर हुए भीषण सड़क हादसे के शिकार कवर्धा निवासियों का हालचाल जानने के लिए उपमुख्यमंत्री और क्षेत्रीय विधायक विजय शर्मा पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा) पहुंचे। उन्होंने वहां भर्ती मरीजों से व्यक्तिगत रूप से बात की और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया।

अस्पताल में उपमुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल रोमन सोरा के पास जाकर उनका हाल जाना। परिजनों से बातचीत के दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई, जिस पर परिजनों ने राहत जाहिर की। डॉक्टरों ने जानकारी दी कि मरीज की स्थिति स्थिर होते ही पैरों की सर्जरी की जाएगी। इस पर श्री शर्मा ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर और अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित उपस्थित अधिकारियों को सर्वोच्च गुणवत्ता का इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुफ्त इलाज और परिजनों के लिए रहने की व्यवस्था

हादसे के दिन से ही उपमुख्यमंत्री घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए हैं। एक अन्य गंभीर घायल का इलाज आयुष्मान योजना के तहत एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। इसके साथ ही, मरीजों के परिजनों को रुकने के लिए सेवा सदन में मुफ्त ठहरने की सुविधा दी गई है।

चार मरीज हुए डिस्चार्ज

स्वास्थ्य में सुधार होने पर चार घायलों—अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चंद्र—को चिकित्सकों ने डिस्चार्ज कर दिया है। उपमुख्यमंत्री ने शेष भर्ती मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button