वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ : SING फोरम 2026 में निवेश के नए अवसर तलाशने सिंगापुर पहुंचे सीएम साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर के दौरे पर पहुंचे हैं। सिंगापुर आगमन पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका औपचारिक एवं आत्मीय स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय (भारत सरकार) द्वारा इस वर्ष आयोजित हो रहे पहले SING फोरम 2026 में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ का चयन किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित फोरम में राज्य सरकार को वैश्विक निवेशकों और उद्योगपतियों के सामने राज्य की औद्योगिक क्षमताओं, प्रचुर संसाधनों और निवेश के विभिन्न अवसरों को प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा।
अपने इस प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ‘सीईओ राउंडटेबल’ (CEO Roundtable) सम्मेलन में हिस्सा लेंगे, जहाँ वे सिंगापुर के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ सीधी वार्ता करेंगे।
राज्य को प्रमुख निवेश हब बनाने का संकल्प
दौरे के संबंध में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य एक सुदृढ़ नई औद्योगिक नीति, समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों, अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और कुशल कार्यबल के दम पर छत्तीसगढ़ को देश और दुनिया के पसंदीदा निवेश केंद्रों में शामिल करना है।
मुख्यमंत्री की यह सहभागिता राज्य में विदेशी पूंजी निवेश आकर्षित करने और वैश्विक व्यापारिक मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
















