छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय बिलाईगढ़ दशहरा उत्सव में हुए शामिल, क्षेत्र के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ स्थित रैनीभाठा में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस दौरान उन्होंने विजयादशमी की बधाई देते हुए बिलाईगढ़ के चहुंमुखी विकास के लिए पांच प्रमुख घोषणाएं कीं, जो क्षेत्र की बुनियादी और प्रशासनिक सुविधाओं को नया आयाम देंगी।

क्षेत्र के विकास हेतु मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं:

अपर कलेक्टर कार्यालय: बिलाईगढ़ में नए अपर कलेक्टर कार्यालय की स्थापना की जाएगी, जिससे स्थानीय नागरिकों को छोटे-छोटे प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सकेगा।

गौरव पथ का निर्माण: बस स्टैंड से लेकर हायर सेकेंडरी स्कूल तक लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक गौरव पथ बनाया जाएगा, जिससे नगर की सुंदरता बढ़ने के साथ यातायात भी सुगम होगा।

पुल और अन्य निर्माण कार्य: राजमहल मार्ग पर नए पुल का निर्माण, वार्ड क्रमांक 15 में आधुनिक मुक्तिधाम और मां समलाई माता मंदिर के समीप डोम शेड का निर्माण कराया जाएगा।

सांस्कृतिक विरासत और शासन की प्राथमिकताएं

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक राजशाही दशहरा को क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, धार्मिक आस्था और आपसी एकता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत का यह पर्व हमें अपने भीतर के अहंकार व बुराइयों को त्यागकर मर्यादा और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार ‘विरासत और विकास’ दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य के हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तेजी से गरीबों के मकान बनाए जा रहे हैं, और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके अलावा, बस्तर में शांति स्थापना, बेहतर रेल कनेक्टिविटी और श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशवासियों को मिल रहे लाभों का भी उन्होंने विशेष रूप से जिक्र किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button