पीएम मोदी से रूबरू हुईं छत्तीसगढ़ की उद्यमी हीना : ‘बिहान’ योजना ने बदली कोरिया की महिलाओं की तकदीर

रायपुर। गुजरात के एकता नगर में चल रहे ‘भारत पर्व 2026’ के दौरान छत्तीसगढ़ की महिला उद्यमी श्रीमती हीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि कैसे राज्य में ‘बिहान’ (छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।
श्रीमती हीना कोरिया जिले में एक मिलेट्स कैफे का संचालन करती हैं, जो वर्तमान में 37 महिलाओं के लिए रोजगार और नियमित आमदनी का प्रमुख जरिया बन गया है। इस कैफे में मोटे अनाज (श्री अन्न) से पारंपरिक और पौष्टिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं, जिससे स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक खानपान को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
भारत पर्व (30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026) में छत्तीसगढ़ के मिलेट्स स्टॉल को देश भर से आए पर्यटकों और आगंतुकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। राष्ट्रीय मंच पर प्रधानमंत्री के साथ यह संवाद छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं की मजबूत होती उद्यमशीलता और बढ़ते आत्मविश्वास का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
















