छत्तीसगढ़

नवा रायपुर के आसमान में गूंजा वायु सेना का शौर्य, सेंध लेक पर सारंग और गरुड़ कमांडोज के करतबों ने मोहा मन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्य स्थापना दिवस पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अदम्य साहस और कलाबाजी का गवाह बना। सेंध लेक के पास आयोजित भव्य एयर-शो में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान वायु सेना के जांबाजों ने अपने रोमांचक प्रदर्शन से वहां मौजूद हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

आसमान में दिखा सारंग टीम का कमाल

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच उन्नत लाइट हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज करतब दिखाए। जब इन हेलीकॉप्टरों ने बेहद करीब से एक-दूसरे को पार करते हुए ‘क्रॉसओवर’ किया, तो दर्शकों की सांसें थम गईं। उड़ान के दौरान कॉकपिट से जब “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की गूंज सुनाई दी, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

आकाशगंगा और गरुड़ कमांडोज का अदम्य साहस

एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के रोमांचक प्रदर्शन से हुई। जवानों ने हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर अपनी पैराशूट कला का शानदार नमूना पेश किया और सेंध लेक के पास तय जगह पर सटीक लैंडिंग की। इसके बाद, भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग करते हुए रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की बेहतरीन क्षमता का प्रदर्शन किया।

देशभक्ति के रंग में रंगा रायपुर

राज्यपाल रमेन डेका ने वायु वीरों के अनुशासन, टीम वर्क और कठिन परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कार्यक्रम के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच तिरंगे की फॉर्मेशन ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button