बस्तर में युवा संवाद : 2047 के विकसित भारत का नेतृत्व संभालेंगे देश के युवा : डॉ. मनसुख मांडविया

रायपुर। केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों तथा श्रम मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि वर्ष 2047 में जब देश आज़ादी के सौ साल पूरे करेगा, तब एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत की कमान आज की युवा पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ‘राष्ट्र प्रथम’ के विचार को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में पूरी सक्रियता से योगदान दें।
सोमवार को जगदलपुर स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय (कुम्हरावण्ड) के सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने लोकतंत्र, रोजगार, और नवाचार जैसे विषयों पर युवाओं से खुलकर चर्चा की।
‘माय भारत’ पोर्टल से युवाओं को मिल रहे हैं नए अवसर
डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘माय भारत’ को युवाओं के लिए वरदान बताया। उन्होंने कहा कि यह मंच युवाओं को स्वरोजगार, नई सोच, मेंटरशिप और स्वयंसेवा के ढेरों अवसर दे रहा है। इस डिजिटल माध्यम के जरिए पूरे देश में एक लाख युवा लीडर्स तैयार करने का लक्ष्य है, जो भविष्य में देश की नीति और जनसेवा में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘पंच प्रण’ को अपने जीवन में उतारने की बात कही:
विकसित भारत का संकल्प
गुलामी की हर सोच से आजादी
अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व
देश की एकता और अखंडता
अपने नागरिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन
बस्तर की खूबसूरती और लोकतंत्र की मजबूती पर चर्चा
संवाद के दौरान मंत्री ने छात्र प्रांजल के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर खास चर्चा की और पारदर्शी लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष मतदान को जरूरी बताया। उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रणाली से जोड़ने के लिए देश भर के कॉलेजों में ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे। इस दौरान उन्होंने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की तारीफ करते हुए क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाओं का जिक्र किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक परंपराओं को सहेजने और विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सभी युवाओं को देश सेवा की शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह समेत कई गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
















