छत्तीसगढ़

कवर्धा में गोवर्धन पूजा के उल्लास में शामिल हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा, राउत नाचा में थिरके और गौ-सेवा की

रायपुर। गोवर्धन पूजा और दीपावली उत्सव के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के कवर्धा शहर में आयोजित अनेक धार्मिक व सामाजिक समारोहों में मुख्य उपस्थिति दर्ज कराई।

उत्सव के दौरान उप मुख्यमंत्री सबसे पहले विंध्यवासिनी वार्ड के रेवाबांध तालाब पहुंचे। वहां उन्होंने स्थापित गौरा-गौरी प्रतिमा के दर्शन कर विधिवत आराधना की। बारात के दौरान उनका एक अनोखा रूप सामने आया—भक्तिमय माहौल को देखकर वे खुद श्रद्धालुओं के साथ बारात का हिस्सा बन गए और जयकारों के साथ भक्ति गीत गुनगुनाते नजर आए। इसके पश्चात वे मठपारा में आयोजित गौरा-गौरी पूजा कार्यक्रम में भी सम्मिलित हुए।

श्री शर्मा ने अपने कवर्धा स्थित निवास पर परिवार के साथ गोवर्धन भगवान की पूजा की और गौ-माता को भोग लगाया। इस पावन अवसर पर उनके निवास स्थान पहुंचे स्थानीय नागरिकों एवं समर्थकों से उन्होंने आत्मीयता से मुलाकात की और सभी को दीपावली एवं गोवर्धन पूजा की मंगलकामनाएं दीं।

दिनभर के कार्यक्रमों की कड़ी में वे कैलाशनगर और कमला क्लीनिक के पास स्थित दैहान क्षेत्र के आयोजनों में पहुंचे। कैलाश नगर में आयोजित पूजा-अर्चना में हिस्सा लेकर उन्होंने गायों को चारा-प्रसाद खिलाया। आयोजन के दौरान जब स्थानीय कलाकारों एवं ग्रामीणों ने पारंपरिक ‘राउत नाचा’ आरंभ किया, तो उप मुख्यमंत्री भी खुद को रोक न सके और ग्रामीणों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर थिरके। उपस्थित जनसमूह ने उनके इस सहज और आत्मीय अंदाज का पूरा आनंद उठाया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button