रायगढ़ के महलोई में चमकेगी शिक्षा की तस्वीर : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने शासकीय स्कूल को मॉडल रूप देने किया भूमिपूजन

रायगढ़। रायगढ़ जिले के महलोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को अब एक अत्याधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण विकास कार्य का भूमिपूजन छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री और स्थानीय विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया और उनके साथ शिक्षा, जीवन कौशल तथा ज्ञान के गहरे महत्व पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन, नियमित पढ़ाई और कड़ी मेहनत ही सफलता की असली कुंजी हैं। युवाओं को अपनी आंतरिक योग्यताओं और रुचियों को पहचान कर भविष्य की मजबूत नींव रखनी चाहिए।
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय आंचल के बच्चों को शहरी स्तर की आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है। इस उन्नयन से विद्यालय का शैक्षणिक स्तर ऊंचा उठेगा, जिससे महलोई के विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतरीन अवसर मिल सकेंगे।
















