गरियाबंद जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज : प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने की मैराथन समीक्षा, लापरवाह ठेकेदारों पर सख्ती के निर्देश

गरियाबंद। जिले के प्रभारी और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में धान खरीदी की तैयारियों से लेकर ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, पेयजल और बुनियादी ढांचे से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
प्रमुख निर्देश एवं निर्णय:
लखपति दीदी योजना पर विशेष जोर: ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत विशेष शिविर लगाने और अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के निर्देश दिए गए।
सड़क और निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: तय समय-सीमा के बाद भी कार्य पूरा न करने वाले ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के कड़े निर्देश दिए गए। साथ ही उसरीजोर-कमारपारा-गोलामाल मार्ग की गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष समिति गठित करने को कहा गया।
अवैध रेत खनन पर शिकंजा: खनिज विभाग को सुरसाबांधा समेत अन्य क्षेत्रों में अवैध रेत भंडारण और परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन ज़ब्त करने और जुर्माना वसूलने के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी और राशन व्यवस्था: आगामी धान खरीदी के लिए जिले के 97 केंद्रों (78 समितियों के अंतर्गत) में पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है। साथ ही राशन कार्डों का ई-केवाईसी अभियान चलाकर जल्द पूरा करने और अवैध धान परिवहन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पेयजल और स्वास्थ्य सेवाएं: पानी विहीन गांवों में जल स्रोत व पानी की टंकियों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने तथा दर्रीपारा व आमामोरा जैसे दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर जोर दिया गया।
राजस्व और अन्य विभाग: लोहरसी में भूमि अतिक्रमण के मामले में कड़ी कार्रवाई करने, बासिन गांव को ‘सोलर मॉडल विलेज’ के रूप में विकसित करने और राजस्व मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, कलेक्टर रणबीर शर्मा और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित तमाम जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
















