बिलासपुर में ‘स्वनिधि महोत्सव’ की धूम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स का बढ़ाया हौसला, चखा स्थानीय व्यंजनों का स्वाद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन व विकास मंत्री श्री अरुण साव ने मंगलवार को बिलासपुर में आयोजित ‘स्वनिधि महोत्सव’ में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न फूड स्टॉल्स का निरीक्षण किया और पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) का उत्साहवर्धन किया।
स्टॉल्स के भ्रमण के दौरान श्री साव ने वेंडर्स से उनके उत्पादों को तैयार करने की विधि, दैनिक बिक्री और आमदनी के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने छोटे व्यापारियों के आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने अन्य अतिथियों के साथ स्टॉल्स पर परोसी जा रही कुल्हड़ वाली चाय, गुपचुप और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन ‘फरा’ का भी लुत्फ उठाया।
‘कुल्हड़ पर चौपाल’ में महिला उद्यमियों से संवाद
महोत्सव के विशेष आकर्षण ‘कुल्हड़ पर चौपाल’ कार्यक्रम में श्री साव ने महिला पथ विक्रेताओं के साथ जमीन पर बैठकर सहज वातावरण में चर्चा की। मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्कियों के साथ उन्होंने महिलाओं से उनके व्यापारिक अनुभवों और पीएम स्वनिधि योजना से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के बारे में जाना। उप मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर महिला लाभार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में मिट्टी के कुल्हड़ का उपयोग कर न केवल स्थानीय संस्कृति और कारीगरों को बढ़ावा दिया गया, बल्कि सिंगल-यूज प्लास्टिक से दूर रहने का एक प्रभावी संदेश भी समाज को दिया गया।
















