छत्तीसगढ़

दीपावली मिलन में सीएम साय ने पद्मश्री मदन सिंह चौहान से की आत्मीय मुलाकात, संगीत साधना को सराहा

रायपुर। अभाव और सीमित संसाधन भी यदि साधना के आगे नतमस्तक हो जाएं, तो कला अपने आप रास्ता बना लेती है। छत्तीसगढ़ के पद्मश्री अलंकृत संगीतकार मदन सिंह चौहान—जिन्हें संगीत जगत और प्रशंसक आदर से ‘गुरुजी’ कहकर पुकारते हैं—की जीवन यात्रा इसी अटूट संकल्प का उदाहरण है। शुरुआत में अभ्यास के लिए वाद्ययंत्र उपलब्ध न होने पर उन्होंने टिन के खाली पीपे को ही ढोलक के रूप में अपनाया और उस पर रियाज की नींव रखी। आगे चलकर ढोलक से तबले की ओर बढ़े और लगभग तीन दशकों तक तबला वादन करने के बाद आज गजल तथा सूफी गायकी की दुनिया में एक अलग पहचान स्थापित कर चुके हैं।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बुधवार को आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वयं प्रत्येक टेबल तक जाकर आमंत्रित अतिथियों से रूबरू हुए। इसी दौरान उन्होंने मदन सिंह चौहान से आत्मीय संवाद किया और दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद संगीत के प्रति चौहान की निष्ठा, निरंतर अभ्यास और कला जगत में दिए गए योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि कला के क्षेत्र में उनके विशिष्ट अवदान को देखते हुए भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री सम्मान से विभूषित किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button