तीन वर्षों के कामकाज और भविष्य के रोडमैप पर बोले मुख्यमंत्री साय, बस्तर से नवा रायपुर तक विकास की रूपरेखा साझा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बीते तीन वर्षों में राज्य सरकार ने सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नीतियां और घोषणाएं करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जमीनी स्तर पर लोगों के जीवन में बदलाव दिखे और तीन करोड़ प्रदेशवासियों को विकास का हिस्सा बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह बातें आईएनडी-24 चैनल के विशेष संवाद कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में बातचीत के दौरान कहीं। इस दौरान उन्होंने सरकार की तीन साल की उपलब्धियों, निवेश, युवाओं के लिए कौशल व रोजगार, महिला सशक्तीकरण, कृषि, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और बस्तर के हालात पर विस्तार से अपनी बात रखी।
वादों के क्रियान्वयन और किसान कल्याण पर जोर
मुख्यमंत्री के अनुसार, दिसंबर 2023 में नई सरकार बनने के साथ ही प्राथमिकता के आधार पर गारंटियों को लागू करने की शुरुआत की गई। उन्होंने बताया कि शुरुआती कैबिनेट फैसले में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई। किसानों को दो साल का बकाया धान बोनस जारी करने के साथ प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीद 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। इसके अलावा, यदि कोई किसान 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे 21 क्विंटल के हिसाब से पूरी इनपुट सब्सिडी देने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे छोटे व कम उपज वाले क्षेत्रों के किसानों को सहारा मिला है। तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा तय की गई है।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य पहुंच बढ़ाने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की शुरुआत होने के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए गांवों तक सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
आवास और ऊर्जा के क्षेत्र में उन्होंने बताया कि प्रदेश में रोजाना करीब 1,600 प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1.38 लाख सोलर प्लांट लगाए जा चुके हैं।
निवेश, तकनीक और युवाओं के लिए अवसर
औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब पारंपरिक खनिज आधारित उद्योगों के दायरे से आगे बढ़कर तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगारपरक क्षेत्रों की ओर कदम बढ़ा रहा है। उनके मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें करीब आधा हिस्सा आधुनिक तकनीक और ज्यादा रोजगार देने वाली परियोजनाओं का है।
कारोबारी प्रक्रिया सरल करने के लिए 450 से अधिक सुधार, दो जनविश्वास अधिनियम, छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 लागू किए गए हैं। नवा रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई व देश के पहले एआई डेटा सेंटर पार्क के साथ फार्मा पार्क, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और रेडीमेड गारमेंट पार्क पर काम चल रहा है।
युवाओं और छात्रों के लिए योजनाओं का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि: मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के तहत 5,000 स्टार्टअप शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधानमंत्री सेतु योजना से 30 आईटीआई का उन्नयन और 6 शासकीय इंजीनियरिंग व पॉलीटेक्निक कॉलेजों को सीजीआईटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री एआई मिशन के अंतर्गत 14 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य है।
273 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 38 नालंदा लाइब्रेरी और नवा रायपुर में 200 करोड़ रुपये से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जा रहा है, जहां हर साल 4,000 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा नाइलिट, निफ्ट, एनएमआईएमएस और राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय जैसी संस्थाओं की स्थापना की दिशा में भी कदम बढ़ाए गए हैं।
महिला सशक्तीकरण और बेटियों की शिक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं और नवंबर 2026 तक 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खातों में भेजी जा चुकी है। उनके अनुसार, राज्य में 14 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो केंद्र के लक्ष्य का 179 प्रतिशत है। महिलाओं के नाम संपत्ति पंजीयन पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत व स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी जा रही है तथा महिला स्व-सहायता समूहों को रेडी-टू-ईट का काम दोबारा सौंपा गया है। सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप, 181 हेल्पलाइन, डायल-112 नेक्स्ट जेन और सभी 33 जिलों में सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं।
छात्राओं की पढ़ाई को लेकर उन्होंने बताया कि ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत 6,671 सरकारी स्कूलों में शौचालय निर्माण, 1.62 लाख छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना का लाभ और 2,000 स्कूलों में सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाई गई हैं।
बस्तर में बदलाव, संस्कृति और खेल
बस्तर के हालात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों से वहां शांति व भरोसे का माहौल बन रहा है। सरकार ने ‘बस्तर रोडमैप 2.0’ तैयार किया है और सुरक्षा शिविरों को शहीद गुंडाधुर ‘सेवा डेरा’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। क्षेत्र में बंद पड़े स्कूलों को फिर से खोला गया है, ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी बन रही हैं तथा दिल्ली के ट्राइबल यूथ हॉस्टल की सीटें 50 से बढ़ाकर 200 की गई हैं।
उन्होंने बताया कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा देकर मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन और छत्तीसगढ़ होमस्टे नीति 2025-30 शुरू की गई है। जनजातीय विरासत को बढ़ावा देने के लिए बस्तर पंडुम, अखरा विकास योजना और नवा रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय स्थापित किया गया है। वहीं, खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक रोहित साहू, आईएनडी-24 के प्रमुख नवीन पुरोहित और स्टेट हेड निधि प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।
















