छत्तीसगढ़

नाम सुधार की प्रक्रिया सरल होने से छात्रा की जेईई परीक्षा की बाधा दूर

दंतेवाड़ा। शासकीय योजनाओं और सेवाओं को घर-घर तक सहजता से पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री सेवा सेतु पोर्टल आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहा है। ऑनलाइन माध्यम से आवेदन और प्रक्रियाओं के सरल होने से नागरिकों का समय और श्रम दोनों बच रहे हैं। दंतेवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत पोंदुम की छात्रा रमशीला के लिए भी यह पोर्टल समय पर राहत लेकर आया।

जानकारी के अनुसार, मायाराम की पुत्री रमशीला के शैक्षणिक और अन्य रिकॉर्ड में पूर्व में नाम ‘रानू नाग’ अंकित था, जबकि पहचान पत्र में नाम भिन्न होने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई और परीक्षा से जुड़े कार्यों में अड़चन आ रही थी। ‘छू लो आसमान, कारली’ विद्यालय से जुड़ी छात्रा को जेईई (JEE) प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करते समय नाम की इस असमानता के कारण फॉर्म भरने और पात्रता संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

इस स्थिति से निपटने के लिए छात्रा ने दंतेवाड़ा तहसील कार्यालय की सहायता से मुख्यमंत्री सेवा सेतु पोर्टल के जरिए सामान्य राजपत्र में नाम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन दर्ज कराया। इस प्रक्रिया के तहत पूर्व नाम ‘रानू नाग’ को संशोधित कर ‘रमशीला’ कराने की औपचारिकताएं आगे बढ़ाई गईं। पोर्टल पर मिली सुविधा और मार्गदर्शन से उन्हें शासकीय कामकाज को गति देने में काफी आसानी हुई।

नाम सुधार की यह प्रक्रिया छात्रा के शैक्षणिक भविष्य के लिहाज से अहम मानी जा रही है, जिससे उन्हें जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और आवेदन में आ रही बाधा से राहत मिली। प्रशासनिक जानकारों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सेवा सेतु पोर्टल डिजिटल माध्यम से पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराकर नागरिकों की व्यावहारिक समस्याओं को हल करने में प्रभावी भूमिका निभा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button