खेल

विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड

मुंबई (एजेंसी)। भारत और श्रीलंका के बीच मुंबई के वानखेड़े में खेले जा रहे मुकाबले में विराट कोहली ने खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने वनडे में आठवीं बार एक कैलेंडर ईयर में 1000 रन पूरे किए। इस मामले में उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया। सचिन ने वनडे में सात बार एक कैलेंडर ईयर में हजार रन पूरे किए थे। वहीं, कोहली आठ बार के साथ सचिन से आगे निकल गए हैं। विराट ने मैच में वनडे करियर का 70वां अर्धशतक भी लगाया।

सचिन ने 1994, 1996, 1997, 1998, 2000, 2003 और 2007 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए थे। वहीं, कोहली ने 2011, 2012, 2014, 2017, 2018, 2019 और अब 2023 में वनडे में हजार रन से ज्यादा बनाए हैं। इस साल कोहली ने अब तक 23 वनडे मैचों में 20 पारियां खेली हैं और हजार से ज्यादा रन बना लिए हैं। इसमें चार शतक और छह अर्धशतक शामिल हैं। संगकारा छह बार के साथ इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं।

कोहली ने 50 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 70वां अर्धशतक रहा। वहीं, इस विश्व कप में उनका यह पांचवां 50+ का स्कोर रहा। इस पारी से पहले तक उन्होंने तीन अर्धशतक और एक शतक लगाए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट ने 85, अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद 55, बांग्लादेश के खिलाफ नाबाद 103, न्यूजीलैंड के खिलाफ 95 रन की पारी खेली थी। विराट का यह चौथा वनडे विश्व कप है और वह 13 बार 50+ का स्कोर कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 33* पारी खेली हैं। श्रीलंका के खिलाफ 33वीं पारी है। विराट ने विश्व कप में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर के मामले में श्रीलंका के कुमार संगकारा और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया।

वनडे विश्व कप में सर्वाधिक 50+ स्कोर

21 – सचिन तेंदुलकर (44 पारी)
13 – विराट कोहली (33 पारी)*
12 – कुमार संगकारा (35 पारी)
12 – शाकिब अल हसन (35 पारी)
12 – रोहित शर्मा (24 पारी)

शुभमन गिल ने किया कमाल

वहीं, शुभमन गिल ने भी श्रीलंका के खिलाफ 55 गेंद में अर्धशतक जड़ा। यह उनके वनडे करियर का 11वां अर्धशतक रहा। इस कैलेंडर ईयर में यह उनका वनडे में 12वां 50+ का स्कोर रहा, जो कि सबसे ज्यादा है। इनमें पांच शतक (एक दोहरा शतक) और सात अर्धशतक शामिल हैं। इस मामले में वह श्रीलंका के पथुम निसांका और पाकिस्तान के बाबर आजम से आगे निकल गए। शुभमन के 12 50+ के स्कोर में 70, 116, 208, 112, 85, 67*, 58, 121, 74, 104, 53 और इस मैच की पारी शामिल है।

इस साल वनडे में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर

12-शुभमन गिल*
11- पथुम निसांका
11- बाबर आजम
10- रोहित शर्मा
10-विराट कोहली

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button