गृहग्राम बगिया में शिव भक्ति का संगम : मुख्यमंत्री साय ने फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में की विशेष पूजा

रायपुर। सावन के महीने और नागपंचमी के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय तथा परिवारजनों के साथ अपने गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज से महादेव का जलाभिषेक किया और राज्य की सुख, शांति, समृद्धि तथा चौमुखी विकास के लिए प्रार्थना की।
मैनी नदी के तट पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर परिसर में 17 से 19 अगस्त तक 1,11,111 पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन के तीन दिवसीय अनुष्ठान का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री साय और उनकी पत्नी ने स्वयं अपने हाथों से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से अभिषेक किया।
इस पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन मास भगवान आशुतोष की भक्ति का प्रतीक है। हमारी सांस्कृतिक परंपराओं में प्रकृति और ईश्वर के प्रति अगाध श्रद्धा का सुंदर मेल देखने को मिलता है। नदियां, पर्वत और समस्त जीव-जगत हमारी आस्था का हिस्सा हैं। उन्होंने कामना की कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से राज्य के किसानों के खेत-खलिहान धन-धान्य से भरे रहें।
तीन दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। 17 अगस्त को अनुष्ठान के पहले दिन शिवलिंग निर्माण, पूजन और आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया। 18 अगस्त को भी पूरे दिन पूजन प्रक्रिया जारी रहेगी, जबकि 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ इस भव्य धार्मिक आयोजन का समापन होगा।
















