रक्षाबंधन पर्व पर दुर्ग-रायगढ़ मार्ग पर तीन दिनों के लिए चलेगी विशेष पैसेंजर ट्रेन

रायपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर यात्रियों की संभावित भीड़ और यातायात मांग को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (रायपुर मंडल) ने एक विशेष रेल सेवा शुरू करने की घोषणा की है। दुर्ग से रायगढ़ के बीच 27 अगस्त से 29 अगस्त तक तीन फेरों के लिए ‘रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल’ ट्रेन चलाई जाएगी। इस पहल से दुर्ग, रायपुर, भाटापारा, बिलासपुर और रायगढ़ मार्ग के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को सहूलियत मिलेगी।
ट्रेन की समय-सारणी एवं मार्ग
दुर्ग से रायगढ़ (गाड़ी संख्या 08834): दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर सुबह 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद भाटापारा और बिलासपुर से गुजरते हुए शाम 7:00 बजे रायगढ़ पहुंचेगी।
रायगढ़ से दुर्ग (गाड़ी संख्या 08833): रायगढ़ से शाम 7:40 बजे छूटेगी, जो रात 10:20 बजे बिलासपुर, रात 11:25 बजे भाटापारा और देर रात 12:40 बजे रायपुर होते हुए अगले दिन रात 2:00 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
प्रमुख ठहराव: यह ट्रेन भिलाई पावर हाउस, कुम्हारी, सरोना, उरकुरा, तिल्दा-नेवरा, अकलतरा, चांपा, सक्ती और खरसिया समेत मार्ग के सभी स्टेशनों पर रुकेगी।
कोच संरचना
यात्रियों की सुविधा के लिए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 10 आईसीएफ (ICF) कोच जोड़े गए हैं, जिनमें 8 सामान्य (General) श्रेणी और 2 एसएलआरडी (SLRD) डिब्बे शामिल रहेंगे। त्योहार के दौरान रेलवे के इस फैसले से दैनिक रेल यात्रियों को आवाजाही के लिए बेहतर विकल्प मिलेगा।
















