देश-विदेश

मुंबई में नेवी जवान की रायफल ले उड़ा अनजान शख्स, हाई अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसी

मुंबई (एजेंसी)। मुंबई के कोलाबा में एक शख्स नौसेना के एक जवान से उसकी राइफल और कारतूस लेकर फरार हो गया है। यह घटना शनिवार, 6 सितंबर की देर रात नेवी नगर में हुई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। फिलहाल नेवी, मुंबई पुलिस और एटीएस मिलकर पूरे मुंबई में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।

यह घटना तब हुई जब भारतीय नौसेना की वर्दी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति ने नेवी नगर के आवासीय इलाके में ड्यूटी पर तैनात एक अग्निवीर को धोखा दिया। उसने अग्निवीर से कहा कि उसकी ड्यूटी खत्म हो गई है और उसे अपना हथियार सौंपकर आराम करना चाहिए। जवान ने बिना किसी शक के उसकी बात मान ली और अपना हथियार सौंप दिया। इसके बाद वह शख्स राइफल और कारतूस लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद जवान को एहसास हुआ कि वह व्यक्ति नौसेना का अधिकारी नहीं, बल्कि एक धोखेबाज था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जांच और सुरक्षा

इस गंभीर सुरक्षा चूक के बाद नौसेना, एटीएस और मुंबई पुलिस तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने नेवी नगर में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मुंबई पुलिस और भारतीय नौसेना संयुक्त रूप से इस मामले की जांच कर रहे हैं। कफ परेड पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(4) (धोखाधड़ी), 341(2) (चोरी), और 7 (आयुध अधिनियम) के तहत मामला दर्ज किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसियां और महाराष्ट्र की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) भी इस जांच में शामिल हो गई हैं।

सुराग की तलाश

नौसेना ने इस मामले की गहन जांच के लिए एक बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी का गठन किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह घुसपैठ कैसे संभव हुई। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी मदद से सबूत जुटाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक संदिग्ध, राइफल या कारतूस का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। नेवी नगर जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की घटना को नौसेना एक गंभीर सुरक्षा चूक मान रही है।

इस घटना के बाद नौसेना और पुलिस ने नेवी नगर, कोलाबा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। गेटवे ऑफ इंडिया और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मुंबई पुलिस ने नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है। यह घटना हाल ही में मुंबई में हुई सुरक्षा से जुड़ी कई अन्य घटनाओं के बीच हुई है, जिससे शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button