छत्तीसगढ़ के जशपुर में दिल दहला देने वाला कांड : सोशल मीडिया पर अमीर बनने का भूत सवार, 5 साल के मासूम को शराब पिलाकर बेरहमी से हत्या

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से एक बेहद ही दर्दनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ जल्दी अमीर बनने की लालसा में एक शख्स ने सारी हदें पार करते हुए 4-5 साल के मासूम बच्चे की हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्चे को शराब पिलाई, फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। इसके बाद शव के अंग निकालकर खेत में छिपा दिए। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को धर दबोचा है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ के रहने वाले रामजीत राम ने 7 नवंबर 2026 को थाने में अपने 5 वर्षीय बेटे जितेंद्र राम की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उनका परिवार करीब एक साल से मजदूरी के सिलसिले में सन्ना क्षेत्र के आमटचुआ नदी डेम के पास एक झोपड़ी में रह रहा था।
जांच के दौरान यह बात सामने आई कि 5 नवंबर की सुबह आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष) बच्चे के पिता और एक अन्य परिचित को शराब पीने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसके बाद से ही मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। जब परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, तो एक गवाह ने बच्चे को आरोपी बासुदेव के साथ जाते हुए देखा था।
बोरे में मिला मासूम का क्षत-विक्षत शव
7 नवंबर की सुबह तलाश करते-करते परिजन सन्ना गांव के एक खेत तक पहुँचे। वहाँ मक्का की बाड़ी की मेड़ के नजदीक पानी से भरे गड्ढे में एक बोरी मिली, जिसमें कंबल और गोधड़ी में लिपटा हुआ मासूम का शव था और उसे मिट्टी से हल्का दबाया गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल जाँच टीम का गठन किया गया।
सोशल मीडिया से आया था खौफनाक विचार
पुलिस ने संदेह के आधार पर बासुदेव उर्फ टंगनू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने सुनने वालों के रोंगटे खड़े कर दिए। आरोपी ने बताया कि वह अपनी मजदूरी से नाखुश था और जल्द से जल्द ढेर सारा पैसा कमाना चाहता था। इसके लिए वह सोशल मीडिया पर शॉर्टकट तरीके तलाश रहा था। इसी दौरान उसके दिमाग में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का सनकी विचार आया।
शराब के नशे में सुलाकर किया कत्ल
योजना के तहत, आरोपी 5 नवंबर को मासूम जितेंद्र को बहला-फुसलाकर खेत की झोपड़ी और जंगल की तरफ ले गया। इसके बाद वह उसे सन्ना खुटाटांगर ले गया जहाँ उसने शराब और मुर्गा खरीदा। वापस आकर उसने पहले बच्चे को शराब पिलाई। जब मासूम नशे में गहरी नींद में सो गया, तब आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से उसका गला रेतकर उसकी जान ले ली।
अंग निकालकर बाल्टी में छिपाए, पुलिस ने किया बरामद
क्रूरता की इंतहा यहीं नहीं खत्म हुई। हत्या के बाद आरोपी ने बच्चे के शरीर से किडनी, फेफड़े और आँखें निकालकर एक प्लास्टिक की बाल्टी में रख दीं। इसके बाद शव को बोरी में भरकर पानी भरे गड्ढे में दबा दिया। वहीं, हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा और शरीर से निकाले गए अंगों वाली बाल्टी को उसने बांस के झुरमुट के पास छिपा दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतक बच्चे का शव, चाकू, फावड़ा और प्लास्टिक की बाल्टी सहित सभी अहम सबूत बरामद कर लिए हैं। डॉक्टरों की टीम से पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
















