अयोध्या पहुंचे भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग, रामलला के किए दर्शन

अयोध्या (एजेंसी)। अयोध्या में राम मंदिर ने एक नया इतिहास रचा जब भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग टोबगे, अपनी पत्नी के साथ रामलला के दर्शन करने पहुंचे। वह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद राम मंदिर आने वाले पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष हैं।
भूटान के प्रधानमंत्री सुबह करीब 9:30 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से बिहार के गया से अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में उनका स्वागत किया। उनके साथ विदेश मंत्रालय और अन्य सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। एयरपोर्ट से वह सीधे राम मंदिर के लिए रवाना हुए, जिसके लिए थोड़ी देर के लिए हाइवे पर यातायात को रोक दिया गया था।
सुबह 10:00 बजे राम मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने रामलला और राम दरबार के दर्शन किए और करीब एक घंटा 40 मिनट मंदिर परिसर में बिताया। उन्होंने कुबेर टीला, जटायु और सप्त मंडपम के मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की। टोबगे ने निचले चबूतरे पर बनने वाली भित्तिचित्रों और परकोटा की दीवार पर लगने वाली कांस्य कलाकृतियों को भी देखा।
इस दौरान वह अपने मोबाइल से राम जन्मभूमि परिसर की तस्वीरें लेते रहे। उन्हें मंदिर की नक्काशी बहुत पसंद आई। राम मंदिर में दर्शन के दौरान वे बहुत खुश थे। उन्होंने रामलला के सामने तीन बार साष्टांग प्रणाम किया, आरती उतारी और फूल चढ़ाए। इसके बाद उन्होंने चरणामृत प्रसाद ग्रहण किया।
दर्शन के बाद, प्रधानमंत्री होटल रामायणा गए, जहाँ उनका स्वागत भूटान की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जिला प्रशासन ने उनके सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन भी किया। भोजन के बाद, प्रधानमंत्री अयोध्या एयरपोर्ट से भारतीय वायुसेना के विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
















