छत्तीसगढ़

भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट का मामला दर्ज, दोनों पक्षों से शिकायत

सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके 10 सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। यह कार्रवाई नायब तहसीलदार तुषार मानिक द्वारा लगाए गए मारपीट और अभद्रता के आरोपों के बाद की गई है।

राजस्व अधिकारी ने लगाया मारपीट का आरोप

शिकायतकर्ता नायब तहसीलदार तुषार मानिक के अनुसार, विधायक और उनके समर्थकों ने उनके साथ हाथापाई की, जिससे उनकी शर्ट भी फट गई। पीड़ित अधिकारी ने मीडिया के समक्ष अपने शरीर पर आए चोट के निशान भी दिखाए। घटना के दौरान वहां अनुविभागीय अधिकारी (SDM) फागेश सिन्हा भी उपस्थित थे।

बताया जा रहा है कि एसडीएम ने बीच-बचाव करने का पूरा प्रयास किया, लेकिन विधायक के समर्थकों ने उन्हें कथित तौर पर पीछे धकेल दिया। घटना के तुरंत बाद एसडीएम और पीड़ित नायब तहसीलदार सीधे जिला कलेक्टर अजीत वसंत के पास पहुंचे और मामले की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई।

विधायक पक्ष का पलटवार: बदतमीजी का आरोप

दूसरी ओर, इस पूरे विवाद में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो के परिवार ने राजस्व अधिकारी पर ही दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। विधायक की बड़ी बहन सीमा धनकी (निवासी कोटछाल) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि नायब तहसीलदार ने उनके साथ बदतमीजी और अमर्यादित व्यवहार किया था, जिसके कारण विवाद बढ़ा।

पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों की दलीलें और शिकायतें सुन ली हैं। क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोनों ही पक्ष अब आगे की कानूनी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button