बुंदेलखंड : हीरों और महावीरों की पावन धरा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

राजनगर में ₹510 करोड़ लागत के 29 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
भोपाल (एजेंसी)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुंदेलखंड को ‘हीरों और महावीरों की धरती’ और ‘मंदिरों की नगरी’ बताते हुए इसके ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि महाराजा छत्रसाल के कार्यकाल में बुंदेलखंड ने महान विजय प्राप्त की थी, और उन्होंने महाराजा छत्रसाल के शौर्य को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि खजुराहो में महाराजा छत्रसाल और सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमाओं का अनावरण किया गया है। वे छतरपुर के राजनगर में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
लाड़ली बहनों को मिला ₹1857 करोड़ का उपहार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश की 1.26 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में ₹1857 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई है। इनमें छतरपुर जिले की 3 लाख 24 हज़ार से ज्यादा लाड़ली बहनें भी शामिल हैं।
यह राशि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 31वीं किस्त के रूप में सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की गई है, जिसमें प्रत्येक हितग्राही बहन को ₹1500 की सौगात मिली है।
इस योजना के तहत अब तक बहनों के खातों में कुल ₹46,500 करोड़ की राशि जमा की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनें इस राशि से अपने परिवार के संचालन में सहयोग कर रही हैं और उनके आशीर्वाद से राज्य सरकार निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बहनों को पक्के मकान और उज्ज्वला गैस कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं।
बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुंदेलखंड के चौतरफा विकास के लिए ₹270 करोड़ लागत के 9 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और ₹240 करोड़ लागत के 20 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
इन कार्यों में 2 सांदीपनि विद्यालय और कई स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं।
उन्होंने घोषणा की कि खजुराहो में एक बड़ा कन्वेंशन सेंटर और फाइव स्टार होटल बनाया जाएगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
राजनगर में राजगढ़ पैलेस की सौगात भी मिल रही है।
बुंदेलखंड के दमोह, छतरपुर, पन्ना और कटनी में 4 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।
केन-बेतवा लिंक परियोजना से क्षेत्र के किसानों को पर्याप्त सिंचाई का पानी मिलेगा।
दमोह और सागर को जोड़ने वाले 2 नेशनल हाईवे को जोड़ने वाले फोर लेन सड़क की सौगात भी मिलने जा रही है।
नए औद्योगिक पार्क से रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर में एक नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे 30 हज़ार से अधिक लोगों के लिए रोज़गार के अवसर पैदा होंगे। इस अवसर पर उन्होंने राजनगर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।
जनप्रतिनिधियों ने सराहा विकास कार्य
खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे बुंदेलखंड के संपूर्ण विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने लाड़ली बहनों के खातों में प्रतिमाह ₹3000 भेजने का जो संकल्प लिया है, वह उसे पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
राजनगर विधायक श्री अरविंद पटेरिया ने बुंदेलखंड में ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ आयोजित करने को एक अनुपम सौगात बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में खजुराहो में महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं और अब इस पिछड़े क्षेत्र को विकास की एक नई पहचान मिल रही है।
सम्मेलन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, विधायक श्रीमती ललिता यादव, विधायक श्री कामाख्या प्रताप सिंह, विधायक श्री राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विद्या अग्निहोत्री सहित कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
















