छत्तीसगढ़

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेसियों ने किया गृहमंत्री का घेराव, मांगा इस्तीफा

रायपुर। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी और लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों को लेकर गुरुवार को छत्तीसगढ़ NSUI, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा के निवास का घेराव किया और गृहमंत्री से इस्तीफा मांगा। प्रदर्शनकारियों ने रायपुर में जिला कांग्रेस भवन, गांधी मैदान में सैकड़ों की तादाद में एकजुट होकर गृहमंत्री का निवास घेरने एवं उनसे इस्तीफे की मांग करने के लिए रैली निकाली।

इस घेराव में सैकड़ों की संख्या में नारेबाजी करते हुए NSUI, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा महिला थाने के पास पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदर्शनकारियों को रोका। प्रदर्शनकारियों ने “गृहमंत्री विजय शर्मा इस्तीफा दो” के नारों के साथ निवास घेरने का प्रयास किया। पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच में खींचातानी का माहौल देखा गया। युवा कार्यकर्ताओं ने विजय शर्मा का पुतला जलाया और बैरिकेड को लांघकर घर की ओर बढ़ने का प्रयास किया। लगातार दो घंटे तक पुलिस के साथ संघर्ष जारी रहा और कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर नारे लगाते रहे।

प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा, “छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है। बलोदा बाजार और चाकूबाजी जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं। कल भी रायपुर में थाना परिसर के अंदर चाकू चलाए गए। हम सैकड़ों की तादाद में गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग करने उनके निवास पहुंचे थे, जहां पुलिस ने हमें महिला थाना के पास रोककर खींचातानी की और हमारे कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। यह लड़ाई रुकेगी नहीं, हम आगे भी प्रदर्शन जारी रखेंगे जब तक प्रदेश में यह सारी घटनाएं बंद नहीं हो जातीं।”

वहीं राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम ने कहा: “प्रदेश में आपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं और महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बलोदा बाजार जैसी घटना, जो पहले कभी नहीं हुई, अब हो रही है। इसको लेकर महिला कांग्रेस और युवा साथियों ने गृहमंत्री के घर का घेराव किया और उनसे इस्तीफे की मांग की। प्रदेश में कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है और गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।”

NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा: “प्रदेश में कानून व्यवस्था लचर हो गई है और कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। छात्रों के साथ भी घटनाएं बढ़ रही हैं। जब से भाजपा की सरकार आई है और विजय शर्मा गृहमंत्री बने हैं, कानून व्यवस्था लाचार हो गई है। अपराधियों का खुलेआम अपराध करना आम हो गया है और पुलिस निर्दोष लोगों को जेल में डाल रही है। हम इसका विरोध करते हैं और गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हैं।”

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्यसभा सांसद फूलों देवी नेताम, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button